
कोलकाता नाइटराइडर्स
IPL 2023: टी20 वर्ल्ड कप के खत्म होने के बाद भारतीय क्रिकेट में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तैयारियां शुरू हो गई हैं। अगले साल यानी 2023 में होने वाले 15वें सीजन के लिए 23 दिसंबर को कोचि में मिनी ऑक्शन का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए आईपीएल की गवर्निंग बॉडी ने फ्रेंचाइजियों को टीम में किसी भी तरह के बदलाव (रिटेंशन या रिलीज) के लिए 15 नवंबर तक का समय दिया है, जो आज खत्म हो रही है। इस बीच कोलकाता नाईटराइडर्स (केकेआर) को बड़ा झटका लगा है।
दो बार की चैंपियन केकेआर के महंगे तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने अगले साल के आईपीएल से हटने का फैसला किया है। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर अपने फैसले की जानकारी दी। कमिंस ने अपने पोस्ट में आईपीएल से हटने के पीछे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और देश के लिए खेलने की प्रतिबद्धता की बात की है।
गौरतलब है कि कमिंस ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट और वनडे टीम दोनों के कप्तान हैं। आरोन फिंच के संन्यास के बाद उन्हें हाल ही में वनडे टीम की भी कमान सौंपी गई है।
