बिहार चुनाव: मनीष कश्यप का हार के बाद छलका दर्द, बोले- “जेल जाते वक्त इतना दुखी नहीं था, जितना आज हूं”


Manish Kasyap- India TV Hindi
Image Source : MANISH KASYAP/X
मनीष कश्यप

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आ चुके हैं। एनडीए को प्रचंड जीत मिली है और महागठबंधन को हार का सामना करना पड़ा है। वहीं जनसुराज का खाता भी नहीं खुल सका और उसे एक भी सीट नसीब नहीं हुई। इस बीच जनसुराज से विधानसभा चुनाव लड़ने वाले मनीष कश्यप का सोशल मीडिया पर दर्द छलका है। 

गौरतलब है कि मनीष कश्यप, यूट्यूबर से नेता बने हैं और उन्होंने बिहार के चंपाटिया से जनसुराज के कैंडिडेट के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ा था। चंपाटिया में कांग्रेस के अभिषेक रंजन जीते हैं। बता दें कि मनीष कश्यप का दूसरा नाम त्रिपुरारी कुमार तिवारी भी है। लेकिन जनता के बीच वह मनीष कश्यप नाम से ज्यादा फेमस हैं। 

सोशल मीडिया पर मां के साथ तस्वीर शेयर कर लिखा दर्द

मनीष कश्यप ने अपने एक्स हैंडल पर मां के साथ तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, “मां आज फिर तुम्हारे सिवा मेरे पास कुछ नहीं बचा। अच्छा होता मैं बिहार बदलने की जगह अपने परिवार के हालात बदलता तो शायद किस्मत में 22 मुकदमें और अनेकों बार जेल नहीं जाता।”

मनीष ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “आज कुछ लोग ताने मार रहे हैं और कह रहे हैं कि क्या मिला तुझे अब हार के बाद उन्हें कैसे बताऊं कि 37172 लोगों का आशीर्वाद मुझे जाति या पार्टी के नाम पर नहीं अपने दम पर मिला। जेल जाते वक्त मैं इतना दुखी नहीं था, जितना दुखी आज मैं हूं क्योंकि मैंने अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया था और बदले में मुझे हार और लोगों के ताने मिले। लेकिन वादा करता हूं कि तब तक प्रयास करूंगा, जब तक जीत नहीं जाता। जय बिहार”

मनीष कश्यप के बारे में जानिए

मनीष कश्यप उर्फ त्रिपुरारी कुमार तिवारी बिहार के चंपाटिया से जनसुराज के प्रत्याशी के रूप में विधानसभा चुनाव लड़े। इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस सीट पर 11 नवंबर को वोटिंग हुई थी। चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को सामने आए।

मनीष कश्यप की उम्र 34 साल है और उन्होंने ग्रेजुएशन किया है। उनके खिलाफ 22 मुकदमें दर्ज हैं। उनकी कुल संपत्ति 88.4 लाख रुपए है। जिसमें 53.4 लाख रुपए की चल संपत्ति और 35 लाख रुपए की अचल संपत्ति है। उनकी 17 लाख रुपए की देनदारी भी है। 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *