
वैभव सूर्यवंशी
सयैद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में इस बार कई ऐसे प्लेयर्स के प्रदर्शन पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, जिनको भविष्य में भारतीय क्रिकेट के बड़े सितारे के तौर पर देखा जा रहा है। इसी में एक नाम 14 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का भी शामिल है, जो पहली बार घरेलू क्रिकेट के इस सबसे टी20 टूर्नामेंट में खेल रहे हैं। वैभव के लिए टूर्नामेंट की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, जिसमें शुरुआती तीन मुकाबलों में उनका बल्ला खामोश ही दिखाई दिया लेकिन चौथे मैच में वैभव के बल्ले से महाराष्ट्र के खिलाफ मुकाबले में बेहतरीन शतकीय पारी देखने को मिली, ऐसे में अब उनसे सभी को टूर्नामेंट में इसी फॉर्म को आगे जारी रखने की उम्मीद है।
गोवा के खिलाफ अगला मैच खेलने उतरें वैभव सूर्यवंशी
बिहार की टीम को सयैद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में अपना अगला मैच ग्रुप-बी में गोवा की टीम के खिलाफ खेलना है। इस मैच में सभी की नजरें एकबार फिर से वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर रहने वाली हैं। वैभव ने अभी तक टूर्नामेंट में 4 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए कुल 140 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 46.66 का देखने को मिला है, वहीं वैभव के स्ट्राइक रेट को लेकर बात की जाए तो वह 172.83 का रहा है। इस दौरान वैभव के बल्ले से 10 छक्के और 9 चौके भी देखने को मिले हैं। साल 2025 अभी तक वैभव सूर्यवंशी के लिए काफी शानदार रहा है, जिसमें आईपीएल में जहां उन्हें डेब्यू करने का मौका मिला तो वहीं इसके अलावा इंडिया-ए टीम से भी उन्होंने डेब्यू किया।
बिहार के लिए आखिरी तीन मैच काफी अहम
अभी तक सयैद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में बिहार की टीम ने कुल 4 मुकाबले खेले हैं और सभी में उनको हार का सामना करना पड़ा है। चंडीगढ़ के खिलाफ मैच में जहां उन्हें 6 विकेट से हार मिली तो वहीं मध्य प्रदेश के खिलाफ 62 रनों से मुकाबला गंवाया। इसके बाद तीसरे मैच में बिहार की टीम का सामना जम्मू और कश्मीर से हुआ जिसमें उन्हें 34 रनों से हार मिली जबकि महाराष्ट्र के खिलाफ मैच में बिहार को 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में अगले दौर में अपनी जगह बनाने के लिए बिहार की टीम को ग्रुप स्टेज के बचे अपने आखिर के तीनों मैच में बेहतर प्रदर्शन करना होगा, जिसमें उसका सामना गोवा के अलावा हैदराबाद और उत्तर प्रदेश की टीम से होगा।
ये भी पढ़ें
रांची के बाद रायपुर में भी चला विराट का जादू, कोहली के दोनों शतकों में क्या था सबसे बड़ा अंतर
T20I सीरीज के लिए हुआ स्क्वॉड का ऐलान, हार्दिक की हुई वापसी, गिल को लेकर लिया गया ये फैसला
