
विराट कोहली
Virat Kohli Player Of The Series Award: विराट कोहली बहुत ही प्रचंड फॉर्म में चल रहे हैं और उनके बल्ले से खूब रन निकल रहे हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्होंने ऐसी बल्लेबाजी की है, जिसकी मिशाल बहुत ही कम देखने को मिलती है। उनके आगे अफ्रीकी गेंदबाज बिल्कुल बेबस नजर आए और अच्छा नहीं कर पाए। सीरीज में अच्छा खेल दिखाने के लिए कोहली को प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिला।
विराट कोहली ने सचिन को छोड़ा पीछे
प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीतते ही विराट कोहली ने इतिहास रच दिया है। उनका इंटरनेशनल क्रिकेट में ये कुल 21वां प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड है। इसी के साथ उन्होंने सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सचिन ने अपने इंटरनेशनल करियर में कुल 20 बार प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीता था। अब अच्छे खेल के दम पर कोहली उन्हें पीछे करके आगे निकल गए हैं और इंटरनेशनल क्रिकेट में इकलौते ऐसे बल्लेबाज बने हैं, जिन्होंने 20 से ज्यादा प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीते हैं।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी:
| खिलाड़ी | प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड |
| विराट कोहली | 21 बार |
| सचिन तेंदुलकर | 20 बार |
| शाकिब अल हसन | 17 बार |
| जैक कैलिस | 15 बार |
| डेविड वॉर्नर | 13 बार |
| सनथ जयसूर्या | 13 बार |
अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में बनाए 302 रन
साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में विराट कोहली ने तीन मैचों में कुल 302 रन बनाए, जिसमें दो शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा। उन्होंने रांची में खेले गए पहले वनडे में 135 रन बनाए थे। वहीं दूसरे वनडे में उन्होंने 102 रन बनाए थे। इसके बाद तीसरे वनडे में भी उनकी दमदार फॉर्म जारी रही और उन्होंने 65 रनों की पारी खेली। सीरीज में वह दोनों टीमों की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
यशस्वी जायसवाल ने लगाया दमदार शतक
भारतीय क्रिकेट टीम ने तीसरे वनडे मुकाबले में साउथ अफ्रीकी टीम को 9 विकेट से हरा दिया। मैच में भारत के लिए गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफ्रीकी टीम सिर्फ 271 रनों पर ऑलआउट हो गई। इसके बाद भारत ने रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और विराट कोहली के दम पर लक्ष्य बेहद आसानी से हासिल कर लिया। जायसवाल ने जहां 116 रनों की पारी खेली, जिसमें 12 चौके और दो छक्के शामिल रहे। उनके अलावा रोहित-विराट ने अर्धशतक लगाए। रोहित ने 75 रनों की पारी खेली। वहीं विराट कोहली के बल्ले से 65 रन निकले।
यह भी पढ़ें:
अभिषेक शर्मा ने टी20 क्रिकेट में रचा इतिहास, बन गए ऐसा करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी
