
दुकान से नॉनवेज खरीदती महिला
कोरापुट: ओडिशा के कोरापुट जिले में गणतंत्र दिवस के अवसर पर एक दिन के लिए नॉनवेज खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। जिला प्रशासन ने यह फैसला 26 जनवरी को 77वें गणतंत्र दिवस समारोह को ध्यान में रखते हुए लिया है।
कोरापुट के जिला कलेक्टर मनोज सत्यवान महाजन ने इस संबंध में जिले के सभी तहसीलदारों, ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर्स और कार्यकारी अधिकारियों को पत्र भेजा है। पत्र में निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करें।
कलेक्टर के पत्र में क्या आदेश?
कलेक्टर द्वारा भेजे गए पत्र में साफ तौर पर कहा गया है कि 26 जनवरी को जिले में मांस, चिकन, मछली, अंडा और अन्य सभी नॉनवेज खाद्य पदार्थों की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। यह आदेश सिर्फ बिक्री पर लागू होगा और केवल गणतंत्र दिवस के दिन ही प्रभावी रहेगा।
पत्र में लिखा गया है कि 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर कोरापुट जिले में शांति, अनुशासन और गरिमामय माहौल बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्र में इस आदेश का सख्ती से पालन कराएं।
यह प्रतिबंध केवल 26 जनवरी तक सीमित रहेगा। अगले दिन से नॉनवेज वस्तुओं की बिक्री पहले की तरह सामान्य रूप से की जा सकेगी।
जिला प्रशासन के इस फैसले के बाद कोरापुट जिले के बाजारों, मांस दुकानों और नॉनवेज विक्रेताओं को 26 जनवरी के लिए अपनी दुकानों को बंद रखना होगा। प्रशासन लोगों से सहयोग मिलने की आशा रख रही है, ताकि गणतंत्र दिवस का आयोजन शांतिपूर्ण और सम्मानजनक तरीके से संपन्न हो सके।
यह आदेश पूरे कोरापुट जिले में लागू रहेगा और सभी शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से प्रभावी होगा। ऐसे में नॉनवेज खाने के शौकीन अपने खाने का इंतजाम पहले ही करने में लग गए हैं। (इनपुट: ओडिशा से शुभम कुमार)
