योगी के मंत्री को उनके ही विधायक ने बंधक बनाया तो अखिलेश ने ली चुटकी, जानें स्वतंत्र देव ने क्या जवाब दिया?


Akhilesh yadav and Swatantra Dev Singh- India TV Hindi
Image Source : PTI/X/SWATANTRADEVSINGH
अखिलेश यादव (बाएं), स्वतंत्र देव सिंह (दाएं)

उत्तर प्रदेश के महोबा में विधायक बृजभूषण सिंह ने योगी सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को बंधक बना लिया। 30 जनवरी की दोपहर हुई इस घटना को लेकर जमकर बवाल हुआ। दोनों नेताओं ने काफी समय तक किसी का फोन नहीं उठाया, लेकिन बाद में सब ठीक हो गया और कार्यक्रम में शामिल होने के बाद स्वतंत्र देव सिंह अपने आवास लौट गए। बाद में अखिलेश यादव ने भी इस घटना पर मजे लेते हुए एक पोस्ट किया। इस दौरान उन्होंने बीजेपी में अंदरूनी कलह की बात कही। हालांकि, इसके बाद स्वतंत्र देव सिंह के पोस्ट से साफ हो गया कि दोपहर में हुई बहस शाम तक शांत हो चुकी है।

क्या है मामला?

योगी सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शुक्रवार को महोबा गए थे। यहां वह एबीवीपी के एक कार्यक्रम में शामिल हुए और महोबा के ग्राम लिलवाही में जल जीवन मिशन के अंतर्गत आयोजित ‘जल अर्पण दिवस समारोह’ को संबोधित कर ग्रामीण पेयजल परियोजना का लोकार्पण किया। इसी दौरान विधायक बृजभूषण सिंह ने उन्हें बंधक बना लिया। कुछ देर तक दोनों नेताओं ने किसी का फोन नहीं उठाया। दोनों के बीच बहस का वीडियो भी सामने आया। हालांकि, शाम होते-होते सब ठीक हो गया।

अखिलेश ने क्या लिखा?

समाजवादी नेता अखिलेश यादव ने बीजेपी विधायक और मंत्री के बीच बहस के वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “हमने तो पहले ही कहा था कि भाजपा के ‘डबल इंजन’ ही नहीं डिब्बे भी आपस में टकरा रहे हैं। पैसे कमाने और ज़मीन क़ब्ज़ाने में लगे भाजपा के मंत्री हों या विधायक, इनमें से कोई भी जनता या विकास का काम नहीं कर रहे हैं। इसीलिए जनता के गुस्से से बचने के लिए वो एक-दूसरे पर दोषारोपण कर रहे हैं। भाजपा के ही विधायक द्वारा, अपनी ही भाजपा सरकार के मंत्री को बंधक बनाना दर्शाता है कि भाजपा सरकार के विधायक अब अगले चुनाव में हारनेवाले हैं। वैसे ये न सोचा जाए कि ये इन दोनों के बीच की ही लड़ाई है, दरअसल ये तो केवल सैम्पल या कहें नमूना है, हर विधानसभा क्षेत्र में यही हाल है। इस बार भाजपा को चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशी ही नहीं मिलेंगे। भाजपा की सत्ता पटरी से उतर गई है।”

स्वतंत्र देव सिंह ने क्या कहा?

अखिलेश यादव के पोस्ट करने के थोड़ी देर बाद स्वतंत्र देव सिंह ने पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, “मुझे गर्व है कि मैं भी ABVP का कार्यकर्ता रहा हूं, कठोर परिश्रम और अनुशासन ये मैंने विद्यार्थी परिषद से सीखा है। आज जनपद महोबा में विश्व के सबसे बड़े एवं शक्तिशाली छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा आयोजित ‘युवा उद्घोष’ कार्यक्रम को संबोधित किया।” उन्होंने एक अन्य पोस्ट में ग्रामीण पेयजल परियोजना का लोकार्पण करने की जानकारी दी।

यह भी पढ़ें-

VIDEO: काम नहीं हुआ तो…महोबा पहुंचे योगी के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का BJP MLA ने रोका रास्ता, दे दी धमकी

इरफान सोलंकी को इलाहाबाद हाईकोर्ट से झटका, गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा रद्द करने की याचिका खारिज

 

 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *