Feb 02, 2026
4:26 PM (IST)
सदन से बाहर आकर राहुल गांधी ने सरकार पर लगाए आरोप
सदन से बाहर आने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उस संघर्ष में भारत ने जमीन गंवाई या नहीं। यह अलग मुद्दा है, लेकिन प्रधानमंत्री और रक्षामंत्री अहम मौके पर फैसले नहीं लिए। मुश्किल हालातों में सब अधिकारियों पर छोड़ दिया। इस बात को लेकर वह पूर्व सैन्य प्रमुख नरवणे की किताब से कुछ लाइनें पढ़ना चाह रहे थे।
Feb 02, 2026
4:13 PM (IST)
लोकसभा की कार्रवाई मंगलवार तक स्थगित
लोकसभा की कार्रवाई मंगलवार दोपहर 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। सदन में राहुल गांधी को स्पीकर ओम बिरला और शाम के समय स्पीकर की कुर्सी पर बैठे जगदंबिका पाल ने उन्हें कई बार रोकने की कोशिश की, लेकिन राहुल नहीं माने। ऐसे में जगदंबिका पाल ने सदन की कार्रवाई मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी।
Feb 02, 2026
4:10 PM (IST)
अपनी बात पर अड़े राहुल गांधी
स्पीकर की कुर्सी पर बैठे जगदंबिका पाल ने राहुल गांधी से अनुरोध किया कि राष्ट्रपति के अभिभाषण से जुड़े कई विषय हैं, जिन पर चर्चा हो सकती है। आप उन पर बोलें। लेकिन राहुल गांधी लगातार नरवणे की अप्रकाशित किताब के बारे में जिक्र कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि इस मुद्दे पर चर्चा होने से रक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री सहज नहीं हैं। इस वजह से उन्हें रोका जा रहा है। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि फिर उन्हें बोलने क्यों नहीं दिया जा रहा।
Feb 02, 2026
4:03 PM (IST)
लोकसभा की कार्यवाही शुरू
लोकसभा की कार्यवाही शुरू हो चुकी है। जगदंबिका पाल सदन का संचालन कर रहे हैं। इस दौरान राहुल गांधी ने दोबारा डोकलाम की घटना पर बोलने की कोशिश की। ऐसे में स्पीकर ने उनसे कहा कि राहुल गांधी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बोलें। वह दूसरे मुद्दों पर न बोलें।
Feb 02, 2026
4:00 PM (IST)
सिंघवी बोले- सरकार पब्लिक इंट्रेस्ट का मुद्दा दबा रही
लोकसभा में राहुल गांधी के पार्लियामेंट के अंदर दिए बयान पर कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, “राहुल गांधी ने कौन सा मेन मुद्दा उठाया? उन्होंने डोकलाम, चीन, इंडिया-चीन रिलेशन, लद्दाख वगैरह के मुद्दे उठाए। जवाब तो छोड़िए। आप कभी कोई सवाल ही नहीं उठाने देते। पहले आप कहते हैं कि यह किसी पब्लिश्ड बुक में नहीं है, फिर आप कहते हैं कि आप इन मैगजीन का इस्तेमाल नहीं कर सकते। मेन मुद्दे से बचने के और भी तरीके हैं। इसे सामने मत आने दो। आप पब्लिक इंटरेस्ट के मामले को दबा रहे हैं। इस पार्लियामेंट का क्या मतलब है?”
Feb 02, 2026
3:33 PM (IST)
राहुल गांधी से गिरिराज सिंह ने पूछे कठिन सवाल
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के संसद के अंदर दिए बयान पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, “राहुल गांधी जिस तरह से अनुशासनहीनता दिखा रहे हैं, सदन के अंदर स्पीकर के आदेश को भी मानने से इनकार कर रहे हैं। आपके दादा-दादी ने 1962 में चीन को कितनी जमीन दी थी, लेकिन अभी के लिए, आपको आज राष्ट्रपति के भाषण पर चर्चा करनी चाहिए। तभी विपक्ष के नेता की गरिमा बनी रहेगी। यह बचकाना व्यवहार है। या तो वे यहां ऐसी बातें कहने के इरादे से आए हैं, जिससे भारत को दुनिया भर में बदनाम किया जा सके और सेना की बहादुरी को कम आंका जा सके। हमने सदन में यह मुद्दा कभी नहीं उठाया। लेकिन आज मैं पूछता हूं कि 1962 में नेहरू ने कितनी जमीन दी, और कहां, किन बॉर्डर पर, और आपने चीनी एम्बेसी से क्या चर्चा की? आपको हमें बताना चाहिए कि आपको भारत के विदेश मंत्री पर भरोसा नहीं था।”
Feb 02, 2026
3:23 PM (IST)
राहुल के बोलने पर क्यों हो रहा बवाल
राहुल गांधी एक मैगजीन की रिपोर्ट पढ़ना चाह रहे थे, जिसमें पूर्व सेना प्रमुख नरवणे की एक किताब का जिक्र था। यह किताब पब्लिश नहीं हुई थी। हालांकि, इसी किताब में लिखी गई बातों के आधार पर मैगजीन में रिपोर्ट छपी, जिसे राहुल पढ़ना चाह रहे थे। इस रिपोर्ट में भारत-चीन सीमा पर हुई पुरानी घटना का जिक्र था।
Feb 02, 2026
3:09 PM (IST)
राहुल गांधी के भाषण पर फिर हंगामा
राहुल गांधी के भाषण पर सदन में दोबारा हंगामा हो गया है। इस वजह से सदन दोबारा स्थगित कर दिया गया है। सदन शाम चार बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
Feb 02, 2026
3:03 PM (IST)
सदन की कार्यवाही फिर से शुरू हुई, राहुल गांधी बोल रहे हैं
सदन की कार्यवाही फिर से शुरू हुई है। राहुल गांधी एक बार फिर सदन में बोल रहे हैं।
Feb 02, 2026
2:43 PM (IST)
कुछ सच्चाईयां हैं जिन्हें सरकार दबाना चाहती है: कार्ति चिदंबरम
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के संसद में दिए गए बयान पर कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा, “यह सरकार जल्द ही पूर्व सेना प्रमुख की आत्मकथा ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ पर प्रतिबंध लगा देगी। जाहिर है, किताब में कुछ ऐसी सच्चाईयां हैं जिन्हें सरकार दबाना चाहती है। अगर सरकार पूर्व सेना प्रमुख के कहे और लिखे गए शब्दों के खिलाफ इतनी सख्त है, तो उसे संसदीय प्रक्रिया की आड़ में विपक्ष के नेता की आवाज को दबाने के बजाय सैन्य संहिता के अनुसार सेना प्रमुख के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।”
Feb 02, 2026
2:14 PM (IST)
लोकसभा की कार्यवाही स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही 3 बजे तक के लिए स्थगित
Feb 02, 2026
2:13 PM (IST)
विपक्ष के चरित्र या उनकी देशभक्ति पर कोई सवाल नहीं उठाया: अमित साह
लोकसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “तेजस्वी सूर्या (भाजपा सांसद) ने अपने भाषण में विपक्ष के चरित्र या उनकी देशभक्ति पर कोई सवाल नहीं उठाया है।”
Feb 02, 2026
2:13 PM (IST)
प्रधानमंत्री के चरित्र पर सवाल उठाता है यह लेख: राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, “रक्षा मंत्री, गृह मंत्री और प्रधानमंत्री हमारी पार्टी, पार्टी नेताओं और हमारे राष्ट्रवाद पर सवाल उठाते हैं। यह लेख प्रधानमंत्री के चरित्र पर सवाल उठाता है। यह न तो चीन के बारे में है और न ही प्रधानमंत्री के बारे में।”
Feb 02, 2026
2:11 PM (IST)
अध्यक्ष के फैसले का पालन न करने वाले सदस्य के साथ क्या किया जाना चाहिए: किरेन रिजिजू
केंद्रीय संसदीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “हमें इस बात पर भी चर्चा करनी चाहिए कि लोकसभा में अध्यक्ष के फैसले का पालन न करने वाले सदस्य के साथ क्या किया जाना चाहिए।” क्योंकि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चीन के गैर-सूचीबद्ध मुद्दे को उठाना जारी रखा और सदन के नियमों का उल्लंघन करते हुए एक पत्रिका के लेख से उद्धृत करने का प्रयास किया।
Feb 02, 2026
2:04 PM (IST)
राहुल गांधी का दावा: चीनी सेना भारतीय क्षेत्र में घुसी
सोमवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दावा किया कि चीनी सेना भारतीय क्षेत्र में घुस गई। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस के दौरान सत्ता पक्ष से तीखी प्रतिक्रियाएं आईं। राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए राहुल गांधी ने सरकार पर वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर स्थिति को लेकर पारदर्शिता न बरतने का आरोप लगाया।
Feb 02, 2026
1:59 PM (IST)
ऐसा क्या है जो उन्हें इतना डरा रहा है? -राहुल गांधी
राहुल गांधी ने सदन में कहा, “इसमें ऐसा क्या है जो उन्हें इतना डरा रहा है? अगर वे नहीं डर रहे हैं, तो मुझे इसे पढ़ने की अनुमति मिलनी चाहिए।”
Feb 02, 2026
1:54 PM (IST)
जिस पुस्तक का जिक्र कर रहे वो प्रकाशित नहीं हुई: राजनाथ सिंह
लोकसभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “मैं चाहता हूं कि राहुल गांधी सदन के समक्ष वह पुस्तक प्रस्तुत करें जिसका वे हवाला दे रहे हैं, क्योंकि जिस पुस्तक का वे जिक्र कर रहे हैं वह प्रकाशित नहीं हुई है।”
Feb 02, 2026
1:53 PM (IST)
सदन में बहस कानून के अनुसार होनी चाहिए: किरेन रिजिजू
लोकसभा में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “अध्यक्ष ने आदेश दिया है कि पत्रिकाओं या समाचार पत्रों के लेखों को सदन में उद्धृत नहीं किया जा सकता। सदन में बहस कानून के अनुसार होनी चाहिए।”
Feb 02, 2026
1:53 PM (IST)
राहुल गांधी द्वारा चीन का मुद्दा उठाने पर अमित शाह ने किया हस्तक्षेप
सोमवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा चीन का मुद्दा उठाने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हस्तक्षेप किया। गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण का हवाला देते हुए यह दावा किया था।
Feb 02, 2026
1:52 PM (IST)
‘हमारी देशभक्ति दफ़न नहीं हुई है’: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने लोकसभा में लद्दाख गतिरोध का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, “देशभक्त कौन है और कौन नहीं, इस पर कोई बहस नहीं है। हमारी देशभक्ति दफ़न नहीं हुई है।”
Feb 02, 2026
1:52 PM (IST)
राहुल गांधी का कहा कि उनका स्रोत प्रामाणिक है
राहुल गांधी का कहना है कि उनका स्रोत प्रामाणिक है और इसमें पूर्व सेना जनरल एमएम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरणों के उद्धरण शामिल हैं।
Feb 02, 2026
1:49 PM (IST)
राहुल गांधी सदन को गुमराह कर रहे: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर अपने भाषण के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर लोकसभा को गुमराह करने का आरोप लगाया, जिसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस छिड़ गई। राजनाथ सिंह ने लोकसभा के नेता राहुल गांधी द्वारा सदन में एक प्रकाशित पत्रिका के उद्धरण उद्धृत करने पर आपत्ति जताई, जो सदन के नियमों के विरुद्ध है। राहुल गांधी का कहना है कि उनका स्रोत प्रामाणिक है और इसमें पूर्व सेना जनरल (एमएम नरवणे) के अप्रकाशित संस्मरणों के उद्धरण शामिल हैं।
Feb 02, 2026
1:44 PM (IST)
अखिलेश यादव ने राहुल का किया समर्थन
अखिलेश यादव ने कहा, “चीन का मुद्दा सेंसिटिव है, अगर ऐसा कोई मुद्दा है तो लीडर ऑफ अपोजिशन को यह पढ़ने देना चाहिए। लोहिया जैसे नेता भी बताते रहे हैं कि हमें चीन से सावधान रहना चाहिए।”
Feb 02, 2026
1:35 PM (IST)
राहुल गांधी ने किया नरवणे की किताब का जिक्र, हुआ हंगामा
राहुल ने नरवणे की किताब का जिक्र किया, जिस पर हंगामा हो गया। इस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जब किताब प्रकाशित नहीं हुई तो उसका जिक्र क्यों हो रहा है। राजनाथ ने कहा कि राहुल, सदन को गुमराह ना करें।
Feb 02, 2026
1:29 PM (IST)
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लोकसभा में चर्चा जारी, राहुल गांधी बोल रहे हैं
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लोकसभा में चर्चा जारी है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सदन में बोल रहे हैं।
Feb 02, 2026
12:46 PM (IST)
सर्बानंद सोनोवाल ने किया चर्चा का शुभारंभ
भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री सर्बानंदा सोनोवाल ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के लिए चर्चा का शुभारंभ किया।
Feb 02, 2026
12:41 PM (IST)
ओडिशा के लिए जीरो बजट: BJD
बीजेडी सांसद सस्मित पात्रा ने कहा, “यह बजट ओडिशा के लोगों के लिए शून्य बजट है। कई राज्यों और शहरों को हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर आवंटित किए गए हैं, लेकिन ओडिशा का नाम इसमें नहीं है। कई स्थानों, शहरों और राज्यों को औद्योगिक कॉरिडोर आवंटित किए गए हैं, लेकिन ओडिशा का नाम इसमें नहीं है। ओडिशा का नाम केवल दोहन के लिए है। इसमें सिर्फ एक अंतर्देशीय जलमार्ग का जिक्र है जो ओडिशा के भीतरी इलाकों से खनिजों को बंदरगाहों तक ले जाएगा, जहां से उन्हें जहाजों द्वारा बाहर भेजा जाएगा। इससे ओडिशा के किसानों, आदिवासी समुदायों और युवाओं को क्या लाभ होगा? वे कह रहे हैं कि दुर्लभ पृथ्वी खनिजों के प्रसंस्करण का केंद्र बनाया जाएगा। यह अच्छी बात है, लेकिन यह उद्योगों के लिए, एक विशिष्ट क्षेत्र के लिए होगा। इससे हमारे युवाओं, हमारे किसानों को कोई मदद नहीं मिलेगी जो पहले से ही भारी दबाव में हैं। इसलिए, यह बजट शायद कुछ वर्गों, कुछ राज्यों, कुछ शहरों के लिए खुशी लेकर आया हो, लेकिन ओडिशा के लोगों के लिए यह शून्य बजट है।”
Feb 02, 2026
12:34 PM (IST)
दोपहर 2.30 बजे धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलेंगे राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दोपहर 2.30 बजे राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बोल सकते हैं।
Feb 02, 2026
12:18 PM (IST)
मीसा भारती ने किया प्रदर्शन
RJD सांसद मीसा भारती ने संसद भवन के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा, “बिहार के जनता की कई मांगे हैं जो पूरी नहीं हुई है। अभी बजट सत्र चल रहा है तो हमने बिहार के ज्वलंत मुद्दों को उठाया है। हमने विशेष राज्य की मांग का मुद्दा उठाया। बिहार के लिए बजट में कुछ नहीं था। नीट छात्रा के मामले में सही तरीके से जांच नहीं हो रही है… हम चाहते हैं कि सरकार इस पर जबाव दे।”
Feb 02, 2026
12:09 PM (IST)
बजट घोषणा से सेंसेक्स में भारी गिरावट आई: अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “उस सरकार के बारे में क्या कहा जा सकता है जिसकी बजट घोषणा से सेंसेक्स में भारी गिरावट आई? सेंसेक्स और रुपया कितना और गिरेंगे? उत्तर प्रदेश में रक्षा गलियारा बनाने के नाम पर हजारों एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई है। लेकिन इससे क्या हासिल हुआ? भाजपा के कई अदृश्य मित्र हैं जिन्हें इससे भरपूर लाभ मिलता है। यह बजट काफी हद तक उन्हीं अदृश्य लोगों के लिए बनाया गया था।”
Feb 02, 2026
12:01 PM (IST)
बजट में कुछ नहीं मिला: राजीव राय
समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने कहा, “बजट 4-5% लोगों के लिए बनाया जाता है। किसी को कुछ नहीं मिला। उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार जो लड़ रही हैं उसमें उत्तर प्रदेश के लोग पिस रहे हैं।” उन्होंने आगे कहा, “यह हमारी गलती थी कि हमने पाकिस्तान को एक ऐसा अवसर दिया, जिसमें वह हमें ठुकरा सकता था। मेरा मानना है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद एक ठोस निर्णय लिया जाना चाहिए था। ‘एक कदम आगे, दो कदम पीछे’ इस सरकार की विदेश नीति है।”
Feb 02, 2026
11:50 AM (IST)
राहुल गांधी होंगे विपक्ष के पहले वक्ता
सामने आई जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संभवतः 4 फरवरी को जवाब देंगे। वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर विपक्ष के पहले वक्ता होंगे। राज्यसभा में आज दोपहर 2 बजे बीजेपी के सदानंद मास्टर चर्चा की शुरुआत करेंगे।
Feb 02, 2026
11:42 AM (IST)
सर्बानंद सोनोवाल करेंगे चर्चा का शुभारंभ
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर आज लोकसभा में चर्चा शुरू होगी। भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल चर्चा का शुभारंभ करेंगे। वहीं, सांसद तेजस्वी सूर्या प्रस्ताव का समर्थन करेंगे। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए कुल 18 घंटे का समय आवंटित किया गया है।
