
इजरायल के हवाई हमले के बाद गाजा की एक तस्वीर
Israel Hamas War : इजरायल और हमास के बीच चल रहे युद्ध का आज 22वां दिन है। इस बीच इजरायल की सेना ने गाजा पट्टी पर जमीनी और हवाई हमला और तेज कर दिया है। जैसे-जैसे यह युद्ध लंबा खिंचता जा रहा है, मृतकों की तादाद भी बढ़ती जा रही है। इस युद्ध में दोनों तरफ से 8 हज़ार 700 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, इनमें करीब 7 हजार 300 फिलिस्तीनी हैं। मरने वालों में करीब 3 हजार बच्चे और 1500 से ज्यादा महिलाएं शामिल हैं।
गाजा के लोगों का बाहरी दुनिया से संपर्क कटा
इजरायल की सेना ने शुक्रवार रात तेज बमबारी करके गाजा पट्टी में इंटरनेट और संचार व्यवस्था को ठप्प कर दिया, जिससे वहां के 23 लाख लोगों का बाहरी दुनिया से संपर्क कट गया है। किसी भी तरह की सूचना का आदान-प्रदान नहीं हो पा रहा है। इजरायल की सेना ने कहा है कि वह इस इलाके में अपने जमीनी अभियानों का विस्तार कर रही है। वहींइजरायली एयर फोर्स चुन चुनकर हमास के ठिकानों को टारगेट कर रही है। लगातार एयर स्ट्राइक करके हमास के ठिकानों को तबाह किया जा रहा है। अब तक हजारों हमास के ठिकानों को तबाह किया जा चुका है।
हमास के आतंकी तेल अवीव को बना रहे निशाना
इजरायल के जबरदस्त हमले के बावजूद हमास के आतंकी अभी भी इजरायल पर रॉकेट से हमले कर रहे हैं। आतंकी इजरायल की राजधानी तेल अवीव को निशाना बना रहे हैं। लेकिन इजरायल का आयरन डोम सिस्टम हमास के हर हमले को नाकाम कर रहा है।शुक्रवार की रात भी हवाई हमलों और धमाकों की गूंज गाजा शहर में सुनाई देती रही। बमबारी के कारण इंटरनेट, सेलुलर और लैंडलाइन सेवाएं पूरी तरह से बाधित हो गईं हैं। कई हफ़्ते पहले से ही गाजा के इलाके की बिजली काट दी गई थी वहीं भोजन पानी और ईंधन भी खत्म हो चुका है।
