गुजरात में हजारों लोगों ने एक साथ किया सूर्य नमस्कार, बन गया गिनीज रिकॉर्ड


गुजरात में सूर्य नमस्कार।- India TV Hindi

Image Source : SOCIAL MEDIA
गुजरात में सूर्य नमस्कार।

नए साल के पहले दिन दुनियाभर में अलग-अलग तरीकों से जश्न मनाया जा रहा है। भारत में भी लोग उत्साह के साथ नए साल का स्वागत कर रहे है। इसी क्रम में साल की पहली सुबह को गुजरात के मेहसाना में स्थित मोढेरा सूर्य मंदिर में 4000 लोगों ने एक साथ सूर्य नमस्कार करते हुए गिनिज वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया है। रिकॉर्ड बनाने वाले इस कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और राज्य के गृह मंत्री हर्ष सांघवी भी मौजूद थे। आइए जानते हैं इस कार्यक्रम के बारे में खास बातें। 

सूर्य नमस्कार करने का नया रिकॉर्ड

मोढेरा सूर्य मंदिर में गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने कहा कि आज 4000 से अधिक लोगों ने ‘सूर्य नमस्कार’ में हिस्सा लिया। योग को दुनिया भर में अपनाया जा रहा है। आज गुजरात ने सबसे ज्यादा लोगों के एक साथ सूर्य नमस्कार करने का नया रिकॉर्ड बनाया है। गुजरात के लोगों ने 2023 में सबसे ज्यादा लोगों के एक साथ योग करने का ऐसा ही रिकॉर्ड बनाया था और आज फिर से गुजरात ने विश्व रिकॉर्ड बनाया है। यह कार्यक्रम 108 स्थानों पर आयोजित किया गया था जहां लाखों लोगों ने एक साथ सूर्य नमस्कार किया है। 

योग बोर्ड कर रहा कोशिशें

हर्ष सांघवी ने कहा है कि जहां दुनिया परंपरागत रूप से 31 तारीख की आधी रात का जश्न मनाती है, वहीं गुजरात के युवा एक अनोखी परंपरा के साथ नए साल की शुरुआत करते हैं और सूर्य नमस्कार के साथ सूर्योदय का स्वागत करते हैं। यह प्रतीकात्मक इशारा न केवल ऊर्जा का संचार करता है बल्कि एक स्वस्थ, अधिक जीवंत जीवन के प्रति प्रतिबद्धता को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार योग बोर्ड के माध्यम से सूर्य नमस्कार और योग के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण पैदा करने के प्रयास जारी रखे हुए है। इसका लक्ष्य इन प्रथाओं को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाना, गुजरात के लोगों के बीच स्वास्थ्य और दीर्घायु को बढ़ावा देना है।

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अधिकारी क्या बोले?

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के निर्णायक स्वप्निल डांगरीकर ने कहा कि मैं यहां सूर्य नमस्कार करने वाले सबसे अधिक लोगों के रिकॉर्ड को सत्यापित करने के लिए था। यह एक नया टाइटल है क्योंकि इससे पहले किसी ने भी इस रिकॉर्ड को तोड़ने का प्रयास नहीं किया था। सभी सबूतों को देखने और उन्हें मोढेरा में प्रदर्शन करते देखने के बाद उन्होंने कहा कि इन लोगों ने सबसे अधिक लोगों द्वारा सूर्य नमस्कार करने का नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड सफलतापूर्वक बनाया है। 

ये भी पढ़ें- गुजरात से अयोध्या भेजा जा रहा ‘अजयबाण’, भगवान राम और मां जगदम्बा से जुड़ी है कहानी




ये भी पढ़ें- गुजरात में स्वास्थ्य कारणों के आधार पर शराब खरीदने की अनुमति के मामलों में 58% इजाफा





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *