चंपई सोरेन सरकार की आज पहली परीक्षा, फ्लोर टेस्ट में पूर्व CM हेमंत सोरेन भी रहेंगे मौजूद


मुख्यमंत्री चंपई सोरेन आज विधानसभा में बहुमत साबित करेंगे। - India TV Hindi

Image Source : PTI
मुख्यमंत्री चंपई सोरेन आज विधानसभा में बहुमत साबित करेंगे।

झारखंड में इन दिनों सियासी सरगर्मी बढ़ी हुई है। झारखंड में चंपई सोरेन सरकार का आज यानी सोमवार को फ्लोर टेस्ट होना है। प्रदेश के नए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन आज विधानसभा में बहुमत साबित करेंगे। कोर्ट की इजाजत से पूर्व सीएम हेमंत सोरेन भी फ्लोर टेस्ट के दौरान मौजूद रहेंगे। वहीं, फ्लोर टेस्ट से पहले रविवार रात को सत्ता पक्ष के 37 विधायक हैदराबाद से रांची लौटे। दो चार्टर्ड प्लेन से विधायकों को रांची लाया गया।

विधायकों की रात सर्किट हाउस में गुजरी

सत्ता पक्ष के विधायक 2 फरवरी को मुख्यमंत्री चंपाई सोरेने के शपथ ग्रहण के बाद हैदराबाद के लिए रवाना हो गए थे, लेकिन मौसम खराब होने की वजह से उड़ान रद्द हो जाने से उन्हें वापस एयरपोर्ट से लौटना पड़ा। 3 फरवरी को वो हैदराबाद के लिए रवाना हुए। पिछले दो दिनों से सभी विधायक हैदराबाद के लियोन रिसॉर्ट में ठहरे थे। रांची पहुंचने के बाद सभी विधायकों को सर्किट हाउस लाया गया। विधायकों की रात सर्किट हाउस में ही गुजरी। विधायकों को आज कड़ी सुरक्षा के बीच विधानसभा लाया जाएगा। प्रशासन की ओर से सर्किट हाउस से विधानसभा तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

रांची लौटे सत्ता पक्ष के विधायक

Image Source : PTI

रांची लौटे सत्ता पक्ष के विधायक

43 विधायकों के समर्थन का दावा

चंपई सोरेन ने विधायकों को हैदराबाद भेजे जाने से पहले दावा किया था कि उनके पास पूर्ण बहुमत है। सर्किट हाउस से 43 विधायकों के समर्थन वाला वीडियो जारी किया था। हालांकि, हेमंत सोरेन को छोड़ दें तो फिर भी चार विधायक इससे बाहर थे। वहीं, लोबिन हेम्ब्रोम की नाराजगी भी सामने आई थी। हालांकि, शिबू सोरेन से मुलाकात के बाद उनके तेवर में बदलाव देखा गया और उन्होंने यहां तक कहा कि विधायकों को हैदराबाद जाने की जरूरत नहीं थी, जो बिकने वाले हैं वे कहीं भी बिक सकते हैं और मुझे कोई नहीं खरीद सकता। हेम्ब्रोम ने साफ किया कि वह चंपई सोरेन को समर्थन देंगे, लेकिन शिबू सोरेन की बहू और विधायक सीता सोरेन का रुख साफ नहीं हुआ है।

Latest India News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *