बीजापुर में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़, दो की मौत


बीजापुर में हुई मुठभेड़ में मारे गए दो नक्सली।- India TV Hindi

Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE
बीजापुर में हुई मुठभेड़ में मारे गए दो नक्सली।

बीजापुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में एक बार फिर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ देखने को मिली। यहां काफी देर तक चली मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने दो नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को इस मुठभेड़ के बारे में जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बल के जवान जंगल में थे, तभी उनपर नक्सलियों ने हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई के दौरान नक्सली भाग गए। हालांकि बाद में तलाशी लेने पर दो नक्सलियों के शव बरामद हुए।

चलाया जा रहा नक्सल विरोध अभियान

पुलिस अधिकारियों ने जानकारी देते हुए कहा कि जिले के बेदरे थाना क्षेत्र के तहत हिंगमेटा गांव के जंगल में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में दो नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हिंगमेंटा-लंका गांव के जंगलों में इंद्रावती क्षेत्र समिति के प्लाटून नंबर-16 के कमांडर मल्लेश, माड़ मंडल कंपनी नंबर-एक के कमांडर अरुण उर्फ रुपेश और लगभग 25 अन्य माओवादियों की उपस्थिति की सूचना पर डीआरजी बीजापुर और बेदरे थाना के संयुक्त दल को गुरुवार को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था।

जंगल में नक्सलियों ने की फायरिंग

उन्होंने बताया कि शुक्रवार की शाम लगभग 5 बजे जब सुरक्षा बल के जवान हिंगमेंटा के जंगल में मौजूद थे, तभी नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षा बल के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि कुछ देर तक दोनों ओर से हुई गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए थे। बाद में जब सुरक्षा बलों ने घटनास्थल की तलाशी ली तब दो नक्सलियों के शव बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने हिंगमेटा के जंगल में माओवादियों के शिविर को ध्वस्त कर दिया है तथा खोजबीन के दौरान घटनास्थल से हथियार, विस्फोटक और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।

(इनपुट- भाषा)

यह भी पढ़ें- 

छत्तीसगढ़ में पहली बार जिलाधिकारी की अदालत की सुनवाई का सीधा प्रसारण, डीएम ने कही ये बात

छत्तीसगढ़ में पुल से टकराई मोटरसाइकिल, 14 फुट की ऊंचाई से गिरे 3 मजदूरों की मौत





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *