कांग्रेस प्रत्याशी के एल शर्मा का रिएक्शन।
अमेठी: लोकसभा चुनाव के दौरान यूपी की अमेठी और रायबरेली सीट पर कांग्रेस प्रत्याशियों के नाम को लेकर काफी चर्चाएं हुईं। आखिरकार आज नामांकन के आखिरी दिन कांग्रेस ने दोनों सीटों पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी। अमेठी लोकसभा सीट से कांग्रेस ने के. एल. शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। वहीं टिकट मिलने के बाद के. एल. शर्मा का पहला रिएक्शन सामने आया है।
दरअसल, टिकट मिलने के बाद पत्रकारों ने के. एल. शर्मा से इस बारे में बात की। इस पर उन्होंने कहा कि जब मेरे पास आएगा तब बताऊंगा। जब पत्रकारों ने उन्हें कांग्रेस की ओर से जारी लिस्ट दिखाई तो उन्होंने कहा कि मैं खुद जब बात कर लूंगा, तभी कुछ कहूंगा। इसके बाद वह पत्रकारों के अन्य सवालों से बचते हुए आगे बढ़ गए।
बता दें कि कांग्रेस पार्टी ने आज अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया। इस लिस्ट में अमेठी से कांग्रेस ने के. एल. शर्मा को प्रत्याशी बनाया है, जबकि राहुल गांधी को रायबरेली सीट से चुनाव लड़ाया जा रहा है। इससे पहले ये भी चर्चाएं थीं कि प्रियंका गांधी भी चुनाव लड़ सकती हैं, लेकिन लिस्ट में प्रियंका गांधी का नाम नहीं था। वहीं आज ही 3 मई को दोनों सीटों पर नामांकन भी दाखिल किया जाएगा।