दिल्ली में राहुल गांधी करेंगे जनसभा को संबोधित, INDI गठबंधन की महारैली से गायब रहेंगे केजरीवाल


Lok Sabha Elections 2024, Lok Sabha Elections, Elections 2024- India TV Hindi

Image Source : FACEBOOK/TWITTER
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल।

नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज उत्तर पश्चिम दिल्ली के अशोक विहार स्थित रामलीला मैदान में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एक बयान में कहा कि पार्टी की दिल्ली इकाई के अंतरिम अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र के वजीरपुर विधानसभा क्षेत्र में बैठक कर गांधी की जनसभा से जुड़े इंतजाम का जायजा लिया। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं से जनसभा को सफल बनाने की अपील की। जयप्रकाश अग्रवाल चांदनी चौक सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं और उनका मुकाबला बीजेपी के प्रवीण खंडेलवाल से है।

मालीवाल केस में उलझे हैं केजरीवाल

देवेंद्र यादव ने कहा कि लोग राहुल गांधी के संबोधन को सुनने के लिए उत्सुक हैं क्योंकि कांग्रेस और ‘I.N.D.I.A.’ गठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में स्पष्ट लहर है। राष्ट्रीय राजधानी की सात लोकसभा सीटों के लिए छठे चरण में 25 मई को मतदान होगा। बता दें कि आज राहुल गांधी की इस बड़ी रैली में AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल नजर नहीं आएंगे। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के CM आवास में AAP सांसद स्वाति मालीवाल के साथ केजरीवाल के PA बिभव कुमार द्वारा की गई कथित बदसलूकी का मामला उबाल पर है। रैली में केजरीवाल की गैरमौजूदगी को इससे जोड़कर भी देखा जा रहा है।

शुक्रवार को अमेठी में थे राहुल गांधी

बता दें कि राहुल ने शुक्रवार को कहा था कि अगर उनकी पार्टी केंद्र में सत्ता में आती है तो वह रायबरेली और अमेठी, दोनों का समान रूप से विकास करेंगे। राहुल अपनी मां सोनिया गांधी की जगह रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। वह 3 बार अमेठी से सांसद रहे हैं और वर्ष 2019 में मौजूदा सांसद स्मृति ईरानी से चुनाव हार गए थे। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार केएल शर्मा के समर्थन में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के साथ एक संयुक्त रैली को संबोधित करते हुए कहा था, ‘अगर रायबरेली में विकास कार्यों के लिए 10 रुपये खर्च किए जाते हैं तो यह अमेठी के लिए भी उतना ही होगा। यह मेरा वादा है।’





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *