दिल्ली में दिवाली पर डबल मर्डर; पहले छुए पैर फिर चलाई गोली, बेटे-भतीजे को भी नहीं छोड़ा


Shahadra murder- India TV Hindi

Image Source : ANX/I
दिल्ली के शहादरा में हत्या

दिल्ली के शहादरा में दीपावली के मौके पर एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या कर दी गई। वहीं, 10 साल का एक बच्चा भी इस हमले में घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है। आरोपी ने दिवाली के मौके पर पहले पैर छुए फिर गोलीबारी कर दी। पांच राउंड फायरिंग में कुल तीन लोगों को निशाना बनाया गया। इनमें से दो की मौत हो गई। वहीं, एक 10 साल का बच्चा घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है। 

मामला शाहदरा के फर्श बाजार का है। यहां आरोपी ने 40 साल के आकाश शर्मा को अपना निशाना बनाया। दिवाली के मौके पर आरोपी ने पहले आकाश के पैर छुए फिर फायरिंग कर दी। आकाश के अलावा उनके 16 साल के भतीजे ऋषभ और 10 साल के बेटे कृष को भी गोली लगी। आकाश और ऋषभ की मौत हो गई। वहीं, कृष अस्पताल में भर्ती है।

पुलिस का बयान

पुलिस ने बताया की गुरुवार शाम करीब साढ़े आठ बजे गोलीबारी की जानकारी मिली, जिसके बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस के पांच खोखे बरामद किए हैं। पुलिस इसे आपसी रंजिश में हुई वारदात मान कर चल रही है और मामले की जांच में जुटी है। फायरिंग में जिस आकाश नाम के शख्स की मौत हुई है, उनकी मां का कहना है कि हमले का आरोपी कई दिनों से उनकी गली के चक्कर काट रहा था और वो दिवाली से एक दिन पहले उनके घर मिठाई का पैकेट लेकर पहुंचा था। उस वक्त उन्होंने गेट नहीं खोला और फिर दिवाली वाले दिन हमलावर अपने मकसद में कामयाब हो गया।

दिवाली मनाते समय हुआ हादसा

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित शाहदरा के फर्श बाजार इलाके में अपने घर के बाहर दिवाली मना रहे थे, तभी रात लगभग आठ बजे उन पर हमला हुआ। अधिकारी ने बताया, ‘‘रात लगभग साढ़े आठ बजे पीसीआर कॉल आने पर पुलिस की एक टीम भेजी गई। टीम को घटनास्थल पर खून के धब्बे मिले।’’ प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने आकाश शर्मा पर गोली चलाने से पहले उसके पैर छुए थे। सभी पीड़ितों को अस्पताल ले जाया गया। आकाश शर्मा और ऋषभ शर्मा को अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि कृष शर्मा का इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि प्रथमदृष्टया यह निजी दुश्मनी का मामला प्रतीत होता है। उसने बताया कि पीड़ितों के परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जाएंगे और इस संबंध में जांच जारी है।





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *