विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार 5वें हफ्ते दर्ज की गई गिरावट, इस बार इतना घटा फॉरेक्स रिजर्व


गोल्ड रिजर्व की वैल्यू में 1.22 अरब डॉलर की बढ़ोतरी- India TV Paisa

Photo:REUTERS गोल्ड रिजर्व की वैल्यू में 1.22 अरब डॉलर की बढ़ोतरी

भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को विदेशी मुद्रा भंडार से जुड़े ताजा आंकड़े जारी किए, जो सरकार के मायने से बिल्कुल भी अच्छे नहीं रहे। आरबीआई के मुताबिक 1 नवंबर को खत्म हुए सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 2.67 अरब डॉलर घटकर 682.13 अरब अमेरिकी डॉलर पर आ गया। बताते चलें कि ये लगातार 5वां हफ्ता है जब भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट दर्ज की गई है। इससे पिछले हफ्ते यानी 25 अक्टूबर को खत्म हुए हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 3.46 अरब डॉलर की बड़ी गिरावट के साथ 684.80 अरब डॉलर पर पहुंच गया था।

सितंबर में 704.88 अरब डॉलर के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था फॉरेक्स रिजर्व

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार सितंबर के अंत में विदेशी मुद्रा भंडार 704.88 अरब डॉलर के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था। 27 सितंबर को खत्म हुए हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 12.59 अरब डॉलर की बंपर बढ़त के साथ 704.88 अरब डॉलर के नए लाइफटाइम हाई पर पहुंच गया था। आरबीआई द्वारा आज शुक्रवार को जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 1 नवंबर को खत्म हुए सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां भी 3.90 अरब डॉलर घटकर 589.84 अरब अमेरिकी डॉलर रह गईं।

गोल्ड रिजर्व की वैल्यू में 1.22 अरब डॉलर की बढ़ोतरी

डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घटत-बढ़त का प्रभाव शामिल होता है। हालांकि, 1 नवंबर को खत्म हुए सप्ताह में भारत का स्वर्ण भंडार यानी गोल्ड रिजर्व की वैल्यू 1.22 अरब डॉलर बढ़कर 69.75 अरब डॉलर हो गया। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 10 लाख डॉलर घटकर 18.21 अरब डॉलर रह गया। रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, इस दौरान अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष यानी आईएमएफ के पास भारत का आरक्षित भंडार 40 लाख डॉलर घटकर 4.32 अरब डॉलर पर आ गया।

Latest Business News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *