
मृतक बेटी और उसके माता-पिता की फाइल फोटो
नई दिल्लीः राष्ट्रीय दिल्ली के नेब सराय इलाके में ट्रिपल मर्डर का मामला सामने आया है। अज्ञात लोगों ने मां, बाप और बेटी की हत्या कर दी। घटना के दौरान बेटा मॉर्निंग वॉक पर गया था। जब वापस आया तो देखा कि तीनों की हत्या हो चुकी थी। दिल्ली पुलिस ने बताया कि दक्षिणी दिल्ली के नेब सराय इलाके में एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और बेटी समेत एक ही परिवार के तीन लोगों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। उनका बेटा यानी परिवार का चौथा सदस्य बाहर घूमने गया था। पुलिस मौके पर मौजूद है।
चाकू गोदकर की हत्या
मृतकों की पहचान राजेश (53 वर्ष) कोमल (47 वर्ष) और कविता (23साल) के रूप में हुई है। तीनों की हत्या चाकू गोदकर की गई है। हत्या की वजह का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शादी के साल गिरह के दिन हुई हत्या
बेटा सुबह 5:00 बजे टहलने के लिए निकला था और बुधवार सुबह करीब 7:00 बजे लौटा तो उसे भयावह मंजर दिखा। परिवार के तीन लोगों के शव देखकर बेटा बेहोश हो गया। यह वारदात जोड़े की शादी की सालगिरह पर हुई। पुलिस को संदेह है कि हत्याएं सुबह 5:00 से 7:00 बजे के बीच हुई हैं। अधिकारियों ने शवों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
