मस्जिद की छत से अजान करते मौलाना
उत्तर प्रदेश के संभल में प्रशासन ने स्पीकर पर बैन लगाया तो मौलाना ने मस्जिद की छत पर चढ़कर अजान की। मौलाना ने मुंह से आवाज लगाकर सभी को नमाज के लिए बुलाया। संभल जामा मस्जिद की छत से अजान लगाते शाही जामा इमाम मस्जिद के मौलाना का वीडियो सामने आया है। कोर्ट के आदेश के बाद सभी धार्मिक स्थलों पर लाउड स्पीकर बैन कर दिया गया है। तेज अवाज में अजान करने वाले तीन मस्जिदों के इमाम के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हो चुका है।
शाही जामा इमाम मस्जिद के मौलाना ने छत पर चढ़कर मुंह से जोर से अजान की। इसके बाद नमाज शुरू की। मौलाना के जोर से आवाज लगाने का वीडियो सोशल मीडिया में भी वायरल हो रहा है।
विवादों में रही है संभल की मस्जिद
संभल की शाही जामा इमाम मस्जिद पिछले कई महीनों से विवादों में रही है। यहां एक वकील ने दावा किया था कि जिस जगह पर मस्जिद बनी है, वहीं पहले कल्कि मंदिर था। मंदिर को तोड़कर ही मस्जिद बनाई गई है। इसके बाद स्थानीय अदालत ने एएसआई के सर्वे का आदेश दिया। सर्वे के दूसरे दिन बड़ी संख्या में लोग मस्जिद के पास पहुंच गए। इस दौरान भीड़ के साथ पुलिसकर्मियों की झड़प हुई और गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई। 20 सुरक्षाकर्मियों सहित कई लोग घायल हो गए। इसके बाद से संभल लगातार विवादों की वजह से चर्चा में रहा है।
सपा सांसद के यहां भी एक्शन
संभल में विवाद के बाद प्रशासन ने दंगाइयों के खिलाफ एक्शन शुरू किया और सपा सांसद बर्क भी लपेटे में आए। इस बीच बिजली के अवैध कनेक्शन काटने गई टीम को प्राचीन मंदिर भी मिला। मंदिर के आसपास कुआं भी पाया गया। इसके बाद संभल में मंदिर निर्माण शुरू हो चुका है। अवैध निर्माण तोड़े जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क के घर का कुछ हिस्सा भी अवैध निर्माण की श्रेणी में आता था। ऐसे में सांसद के घर की सीढ़ियां भी तोड़ दी गईं।
(संभल से रोहित व्यास की रिपोर्ट)