
Breaking News
नई दिल्ली: दिल्ली के आनंद विहार में एक बड़ी घटना घट गई है। यहां एक झोपड़ी में आग लगने से 3 पुरुषों की मौत हो गई है। ये तीनों जिंदा जल गए और इनके शव भी बरामद हुए हैं। शवों की हालत बहुत खराब है क्योंकि वह पूरी तरह जल चुके हैं। मृतकों की पहचान भी हो गई है।
कौन हैं मृतक?
एसटीओ फिरोज ने बताया कि एक झोपड़ी में आग लग गई थी, जिसमें 3 पुरुषों की मौत हुई है और उनके शव बरामद कर लिए गए हैं। शवों की पहचान जग्गी कुमार (आयु 34 वर्ष), श्याम सिंह (आयु 36 वर्ष) और जितेन्द्र कुमार (आयु 35 वर्ष) के रूप में हुई है। ये तीनों ही यूपी के औरैया जिले के निवासी थे। एसएचओ मनीष और आईओ एसआई सोकेन्दर थाना आनंद विहार से आगे की जांच के लिए घटनास्थल पर मौजूद हैं।
जैसे ही इस घटना की जानकारी पुलिस को मिली तो मौके पर कुल 3 दमकल गाड़ियां भेजी गईं थीं। पूरा मामला दिल्ली के जीसीआर एन्क्लेव, एनआर गर्ग नर्सिंग होम एवं केन्द्रीय विद्यालय, आनंद विहार का है।
दिल्ली के शाहदरा में भी जिंदा जल गए थे 2 लोग
दिल्ली के शाहदरा में भी कुछ समय पहले एक घर में आग लगने से 2 लोग जिंदा जल गए थे और उनकी मौत हो गई थी। घर से दो जले हुए शव बरामद किए गए थे। वहीं दो बच्चों को रेस्क्यू किया गया था। दमकल विभाग के मुताबिक, शाहदरा में एक घर में सुबह 5 बजकर 24 मिनट में एक घर में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की 6 गाड़ियां और टीम मौके पर गई थीं।
जब घर में आग लगी तो वहां पर चार लोग मौजूद थे। इनमें से दो जले हुए शव बाहर निकाले गए जबकि 2 बच्चों को रेस्क्यू किया गया और अस्पताल भेजा गया। ये आग बिल्डिंग की तीसरी और चौथी मंजिल में लगी थी। जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह से परिवार बाहर नहीं निकल पाया।
जानकारी के अनुसार, सुबह भोलानाथ नगर स्थित एक घर में आग लग गई। घर मनीष गुप्ता का था। आग लगने से चार लोग झुलस गए, जिन्हें जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों की पहचान कैलाश गुप्ता (72 वर्ष), भगवती गुप्ता (70 वर्ष), मनीष गुप्ता (45 वर्ष), पार्थ गुप्ता (19 वर्ष) के रुप में की गई। मृतक लोगों की पहचान शिल्पी गुप्ता (उम्र 42 वर्ष) और प्रणव गुप्ता (16 वर्ष) के रुप में हुई।