
सांकेतिक तस्वीर
बीरभूमिः पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा शांतिनिकेतन के बीरभूम जिले के सोनाझुरी हाट में होली समारोह पर प्रतिबंध लगाने की खबरें सामने आने के बाद मंत्री बीरबाहा हांसदा ने स्पष्ट किया कि यहां पर ऐसा कोई प्रतिबंध नहीं है। बंगाल की वन मंत्री बीरबाहा हांसदा का कहना है कि सोनाझुरी हाट में होली खेलने पर कोई प्रतिबंध नहीं है। यह एक अनुरोध था। लोग होली खेलें लेकिन पर्यावरण का ध्यान रखें।
मंत्री ने होली को लेकर कही ये बात
बीरबाहा हांसदा ने कहा कि हमने (शांतिनिकेतन में) होली पर प्रतिबंध नहीं लगाया है। हमने लोगों से पर्यावरण को सुरक्षित रखने का अनुरोध किया था। जब लोग होली खेलते हैं तो उसमें ऐसे रसायन होते हैं जो पेड़ों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। अधिकारियों ने क्षेत्र की हरियाली को संभावित नुकसान पहुंचने की चिंता जताई है।
मंत्री ने कहा कि मुझे होली पर प्रतिबंध लगाने वाले नोटिस के बारे में जानकारी नहीं है। मुझे यह जानकारी मीडिया से मिली है। हमने होली पर प्रतिबंध नहीं लगाया है, बल्कि सिर्फ अनुरोध किया है। टीएमसी नेता ने कहा कि सरकार ने लोगों से पर्यावरण की रक्षा करने का आह्वान किया है, क्योंकि रसायन युक्त रंग क्षेत्र के पेड़ों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
भाजपा नेता ने शांतिनिकेतन में होली पर प्रतिबंध का दावा किया
गुरुवार को पश्चिम बंगाल के विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया था कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार ने शांतिनिकेतन के सोनाझुरी हाट, जो एक लोकप्रिय बाजार है, में होली समारोह पर प्रतिबंध लगा दिया है।