
म्यांमार में भूकंप।
भारत के पड़ोसी देश म्यांमार में भूकंप की वजह से भारी नुकसान हुआ है। शुक्रवार को 7.7 की तीव्रता से आए भूकंप की वजह से म्यांमार और थाईलैंड में कई इमारतों को नुकसान पहुंचा। इसके बाद भी भूकंप का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। म्यांमार में आधी रात को एक बार फिर लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक रात को 11 बजकर 56 मिनट पर म्यांमार में भूकंप आया है। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टल स्केल पर 4.2 दर्ज की गई है। इसका केंद्र म्यामांर के मांडले शहर के पास था। वहीं आधी रात को आए इस भूकंप के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल गए।
बता दें कि म्यांमार और उसके पड़ोसी देश थाईलैंड में शुक्रवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इस भूकंप से ऊंची इमारतें, पुल और बांध नष्ट हो गए। इस भूकंप की वजह से म्यांमार में कम से कम 144 लोगों की मौत हुई है। वहीं थाईलैंड की राजधानी बैंकाक में एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत के ढहने का वीडियो सामने आया है। यहां भी कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार दोपहर आए भूकंप की तीव्रता 7.7 दर्ज की गई और इसका केन्द्र म्यांमार के दूसरे सबसे बड़े शहर मांडले के पास था। इसके बाद 6.4 तीव्रता का एक और शक्तिशाली झटका महसूस किया गया।