दिल्ली NCR में अचानक बदला मौसम, बारिश ने गर्मी से दिलाई राहत, जानें आने वाले दिनों में क्या होगा?


Delhi Rain
Image Source : PTI
दिल्ली में बारिश से मौसम हुआ सुहावना

दिल्ली एनसीआर में शुक्रवार शाम अचानक मौसम बदल गया। यहां धूल भरी आंधी बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली। मई के महीने में भीषण गर्मी के चलते दिल्ली एनसीआर के सभी इलाकों में पारा 40 डिग्री के ऊपर था, लेकिन बेमौसम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत दिलाई। मौसम विभाग ने पहले ही शुक्रवार के दिन दिल्ली बारिश होने की संभावना जताई थी। बारिश से दिल्ली की हवा का स्तर भी बेहतर हुआ, जो शुक्रवार सुबह खराब स्तर पर था।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 297 दर्ज किया गया जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया जो इस मौसम के औसत से 0.3 डिग्री सेल्सियस कम है। 

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली एनसीआर में आने वाले दिनों में भी बादल छाए रह सकते हैं। कुछ इलाकों में छुटपुट बारिश हो सकती है, लेकिन गर्मी से निजात मिलने के कोई आसार नहीं हैं। रविवार (18 मई) तक अधिकतर तापमान 42 डिग्री तक रहेगा। इसके बाद इसमें मामूली गिरावट आने की उम्मीद है। 25 मई तक अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। इस बीच शनिवार (17 मई) और इसके बाद बुधवार (21 मई) से लेकर 25 मई तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार हैं।

राजस्थान में भीषण गर्मी के आसार

राजस्थान सहित देश के अधिकतर राज्यों में तेज गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, उत्तर-पूर्वी राज्यों और देश के दक्षिणी इलाकों में बारिश की संभावना है। तमिलनाडु के कुछ इलाकों में फिलहाल बारिश के चलते गर्मी से राहत मिली है। इन जगहों पर आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना है।

कब आएगा मानसून

इस बार 27 मई को मानसून के केरल पहुंचने की संभावना जताई गई है। यदि यह पूर्वानुमान सही साबित होता है, तो 2009 के बाद यह पहला मौका होगा जब मॉनसून भारत में समय से पहले दस्तक देगा। 2009 में मॉनसून 23 मई को केरल में शुरू हुआ था। आमतौर पर दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 1 जून तक केरल में प्रवेश करता है और लगभग एक महीने बाद 8 जुलाई तक पूरे देश में छा जाता है। यह 17 सितंबर के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत से लौटना शुरू होता है और 15 अक्टूबर तक पूरी तरह से वापस चला जाता है। दिल्ली में मानसून सामान्य तौर पर एक जुलाई तक पहुंचता है, लेकिन इस बार 25 मई तक मानसून के दिल्ली पहुंचने के आसार हैं।





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *