
तेजस्वी यादव को लेकर चिराग पासवान का बड़ा बयान।
बिहार में इस साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक तैयारियां तेज हो गई हैं। राजनीतिक गठजोड़ से लेकर पुराने साथी और विरोधियों तक को साथ लाने की कोशिशें की जा रही हैं। इस बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बड़ा बयान जारी किया है। चिराग ने साफ कर दिया है कि वह किसी भी हालत में राजद के साथ नहीं जाएंगे। दरअसल, लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने बुधवार को कहा है कि राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ उनका तालमेल संभव नहीं है।
क्या बोले चिराग पासवान?
दरअसल, हाल ही में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और तेजस्वी यादव के बीच बिहार के नवादा जिले में मुलाकात हुई थी। इसके बाद राजनीतिक अटकलों का दौर शुरू हो गया था। हालांकि, इस पर चिराग ने कहा- “मेरे और तेजस्वी के बीच हमारे पिताओं के समय से पारिवारिक संबंध हैं। हम सामाजिक रूप से बातचीत कर सकते हैं। हालांकि, हमारे बीच वैचारिक मतभेद बहुत ज्याादा हैं। इसलिए ये तालमेल को असंभव बनाते हैं। अगर ऐसा संभव होता तो हम हम 2020 के विधानसभा चुनावों में ही साथ आ जाते। मैंने तब बिना किसी गठबंधन का हिस्सा बने चुनाव लड़ने का फैसला किया था।’’
चिराग ने तेजस्वी को बेटा होने पर खुशी जताई
चिराग पासवान ने इस दौरान तेजस्वी यादव को बेटा होने पर खुशी भी जताई। उन्होंने कहा कि ‘‘मुझे खुशी है कि मेरे भतीजे का जन्म हुआ है। अगर ये एक मुलाकात का मौका है, तो इस पर ज्यादा गौर नहीं करना चाहिए। और पिछली बार जब हम एक-दूसरे से मिले थे, तो उसे एक ठीकठाक बैठक भी नहीं कहा जा सकता।’’
