
दीपशिखा नागपाल
छोटे पर्दे पर विलेन बन लोगों का दिल जीतने वाली मशहूर एक्ट्रेस दीपशिखा नागपाल कई फिल्मों के अलावा टीवी शोज में भी नजर आ चुकी हैं। वह आज भी अपने दमदार किरदारों के लिए जानी जाती है। उन्होंने सलमान खान की फिल्म ‘पार्टनर’ में उनकी बहन का किरदार प्ले किया था। हालांकि, एक्ट्रेस का फिल्मी करियर उनकी एक गलती की वजह से तबाह हो गया। वे ‘कोयला’, ‘बादशाह’, ‘पार्टनर’ जैसी फिल्मों की वजह से सुर्खियों में रही हैं। हाल ही में उन्होंने फिल्मों में फ्लॉप होने के बाद छोटे पर्दे का रुख करने के बारे में खुलकर बात की और अपनी पर्सनल-प्रोफेशनल लाइफ के बारे में कई खुलासे किए।
एक्ट्रेस की 1 गलती ने करियर किया तबाह
दीपशिखा नागपाल ने इंस्टेंट बॉलीवुड को दिए इंटरव्यू में, अपने फिल्मी करियर के बारे में बात करते हुए कहा कि उन्होंने बहुत बड़ी गलती की थी कि वह फिल्मों का चयन सही से नहीं कर पाई, जिसका पछतावा उन्हें आज भी है। वो कहती हैं कि बी-ग्रेड फिल्मों में काम करने की वजह से उनका करियर बर्बाद हुआ है। एक्ट्रेस ने कहा, ‘जैसे यश राज और सुभाष घई की फिल्में ए-लिस्ट होती हैं। वैसे ही उस वक्त अगर कोई नया प्रोडक्शन बी-ग्रेड फिल्म बनाता था, तो यह समझना मुश्किल होता था कि कौन की फिल्म सही है और कैसे उसे चुना जाता है। मेरा कोई गॉडफादर नहीं था और अब मुझे लगता है कि गॉडफादर का होना बहुत जरूरी है जो आपका करियर-भविष्य संवार सकता है।’
टीवी शोज से ट्रैक पर आया दीपशिखा का करियर
फिल्में छोड़ टेलीविजन जगत का रुख करने के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘कुछ रिलीज का मेरे करियर पर बहुत बुरा असर पड़ा… मैंने कई बड़ी मूवीज साइन की थी, लेकिन ट्रेड गाइड में मेरे पोस्टर के बाद लोग सोचते थे कि मैं बी-ग्रेड की फिल्में कर रही हूं और उन्होंने मुझे फिल्म से बाहर का रास्ता दिखा दिया। मैंने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माने और मुझे उस में कास्ट नहीं किया।’ एक्ट्रेस ने आगे कहा, ‘फिर मैंने टेलीविजन शो करना शुरू किया। उस समय दूरदर्शन, जी टीवी लॉन्च हुए थे तो मुझे बहुत आसानी से काम मिल रहा था। टीवी की वजह से मुझे फिर से मेरी खोई हुई पहचान मिली।’
दीपशिखा अकेले कर रही बच्चों की परवरिश
‘शक्तिमान’, ‘सोन परी’, ‘शरारत’, ‘बा बहू और बेबी’, ‘करिश्मा’, ‘रामायण’, ‘मधुबाला’ और ‘संतोषी मां’ जैसे सीरियल्स में बेहतरीन काम कर टचीवी जगत में तहलका मचा दिया। एक्ट्रेस अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी काफी सुर्खियों में रही हैं। एक्ट्रेस ने दो शादी टूटने के बाद अपने बच्चों की अकेले परवरिश की है।
