
कोटा श्रीनिवास राव।
कोटा श्रीनिवास राव साउथ सिनेमा के जाने-माने अभिनेता हैं। वह कई तमिल, तेलुगु और मलयालम फिल्मों का हिस्सा रहे हैं, इसके अलावा उन्होंने कुछ चर्चित हिंदी फिल्मों में भी काम किया है। दिग्गज अभिनेता पिछले कुछ समय से लाइमलाइट से दूर हैं। वह लंबे समय से ना तो किसी फिल्म में दिखाई दिए हैं और ना ही किसी इवेंट में शामिल हुए हैं। इस बीच उनकी एक तस्वीर सामने आई है, जिसने उनके फैंस को चिंतित कर दिया है। कोटा श्रीनिवास राव अपनी इस तस्वीर के सामने आते ही एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। 82 वर्षीय अभिनेता के फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित हो गए हैं।
बंदला गणेश ने कोटा श्रीनिवास राव संग शेयर की तस्वीर
कोटा श्रीनिवास राव की ये तस्वीर फिल्म निर्माता बंदला गणेश द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर की गई है, जिन्होंने पवन कल्याण की ‘गब्बर सिंह’ और जूनियर एनटीआर की ‘टेंपर’ जैसी फिल्में प्रोड्यूस की हैं। इस फोटो ने दिग्गज अभिनेता के स्वास्थ्य को लेकर उनके फैंस को चिंता में डाल दिया है। वायरल हो रही तस्वीर में कोटा श्रीनिवास राव बेहद कमजोर दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने एक ब्लैक शर्ट और लुंगी पहनी है और फिल्म निर्माता के साथ बैठे देखे जा सकते हैं।

बंदला गणेश के साथ कोटा श्रीनिवास राव।
मुरझाया चेहरा और वजन भी हुआ कम
फोटो में कोटा श्रीनिवास राव कुछ अस्वस्थ लग रहे हैं। उनका चेहरा मुरझाया हुआ है और वजन भी काफी घटा हुआ लग रहा है। उनके पैरों पर भी चोट के निशान हैं। एक पैर में पट्टी बंधी है और दूसरे में जख्म के निशान देखे जा सकते हैं। ऐसे में दिग्गज अभिनेता के फैन उन्हें लेकर परेशान हो उठे हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए पूछा- ‘उनके पैर में क्या हुआ है?’ एक और यूजर ने पूछा- ‘कोटा सर के पैर को क्या हुआ?’ एक अन्य ने दुख जाहिर करते हुए लिखा- ‘उन्हें इस हालत में देखकर दुख हो रहा है।’ वहीं एक अन्य ने लिखा- ‘हम कोटा गुरु को इस हालत में देखने के बारे में सोच भी नहीं सकते थे… कृपया उनकी ऐसी तस्वीर पोस्ट ना करें।’
इन फिल्मों से लूटी वाहवाही
कोटा श्रीनिवास राव ने कई दक्षिण भारतीय फिल्मों में यादगार किरदार निभाए हैं। कभी पॉजिटिव तो कभी निगेटिव रोल में दिखाई दिए। उन्होंने कई तमिल, तेलुगु,कन्नड़ और मलयालम फिल्मों में काम किया है। इसके अलावा वह कुछ हिंदी फिल्मों का भी हिस्सा रहे हैं, जिनमें अमिताभ बच्चन स्टारर ‘सरकार’ भी शामिल है। उन्हें 2015 में पद्मश्री से भी नवाजा गया था। उनकी प्रमुख फिल्मों की बात करें तो डेंजरस खिलाड़ी, दम्मू, रक्त चरित्र और सन ऑफ सत्यमूर्ती जैसी फिल्में शामिल हैं।
