राजा रघुवंशी हत्याकांड: मेघालय पुलिस को नाले से मिला सामान, हत्या से जुड़े अहम सबूत मिलने की संभावना


Raja Raghuvanshi murder case Meghalaya police found things from the drain possibility of getting imp
Image Source : INDIA TV
राजा रघुवंशी हत्याकांड

बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले में अहम सबूत छिपाने और उसे मिटाने के एक आरोपी की निशानदेही पर मेघालय पुलिस ने इंदौर में बुधवार को एक नाले से प्लास्टिक की थैली में बंधा हुआ सामान बरामद किया। ऐसा माना जा रहा है कि इस सामान में राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले से जुड़े अहम सबूत हो सकते हैं। चश्मदीदों ने बताया कि स्थानीय पुलिसकर्मियों के साथ मेघालय पुलिस का दल राजा रघुवंशी हत्याकांड के मामले में गिरफ्तार ‘रियल एस्टेट’ कारोबारी शिलोम जेम्स के साथ शहर के पलासिया क्षेत्र के एक नाले में उतरा। उन्होंने बताया कि कुछ देर की खोजबीन के बाद इस आरोपी की निशानदेही पर नाले से प्लास्टिक की थैली में बंधा सामान बरामद किया गया। इस सामान की बरामदगी के बारे में मेघालय पुलिस का अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। 

क्या बोले पुलिस अधिकारी?

हालांकि, इंदौर पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्लास्टिक की थैली में एक तमंचा हो सकता है। उन्होंने बताया कि इस हथियार को अन्य सामान के साथ इंदौर के उस फ्लैट से गायब किए जाने का संदेह है, जिसमें राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम उनके हत्याकांड के बाद मेघालय से फरार होने के बाद कई दिन तक रुकी थी। इससे पहले, जेम्स की निशानदेही पर मेघालय पुलिस के दल ने 22 जून को इंदौर के खाली भूखंड से एक बैग के जले हुए टुकड़े बरामद किए थे। राजा रघुवंशी हत्याकांड के अहम सबूत छिपाने और मिटाने के आरोप में जेम्स के साथ ही फ्लैट के मालिक लोकेंद्र सिंह तोमर और सुरक्षा गार्ड बलबीर अहिरवार उर्फ बल्ला को भी गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों ने बताया कि तीनों आरोपी फिलहाल मेघालय पुलिस की ट्रांजिट हिरासत में हैं और उनसे इन सबूतों के बारे में पूछताछ की जा रही है। 

पुलिस को खाली मिला फ्लैट

सूत्रों के मुताबिक, राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद मेघालय से अपने गृहनगर इंदौर लौटी सोनम जिस फ्लैट में छिपी थी, उसे जेम्स ने हत्याकांड के आरोपियों में शामिल विशाल चौहान को किराये पर दिलाया था। जेम्स, इंदौर में रियल एस्टेट प्रबंधन की एक फर्म संचालित करता है। उसने 13 जून को खुद मीडिया के सामने आकर दावा किया था कि चौहान ने 30 मई को उससे मुलाकात करके शहर के देवास नाका क्षेत्र में 17,000 रुपये प्रति माह पर एक फ्लैट किराए पर लिया था और चौहान ने इसके लिए अनुबंध पर दस्तखत भी किए थे। सूत्रों ने बताया कि मेघालय पुलिस जब सबूतों की तलाश में इस फ्लैट में पहुंची, तो उसे यह फ्लैट खाली मिला था। सूत्रों के मुताबिक, फ्लैट में कई दिन तक छिपे रहने के बाद सोनम इंदौर से एक टैक्सी के जरिये उत्तर प्रदेश पहुंची और उसने गाजीपुर जिले में पुलिस के सामने आठ जून को देर रात आत्मसमर्पण कर दिया था। 

(इनपुट- भाषा)





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *