उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी, हिमाचल के 4 जिलों में रेड अलर्ट, स्कूल-कॉलेज बंद, बद्रीनाथ हाईवे जाम


himachal rain
Image Source : PTI
बद्रीनाथ हाईवे जाम (बाएं), कुल्ली में रेस्क्यू ऑपरेशन (बाएं)

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में सोमवार (30 जून) को भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के 4 और उत्तराखंड के 9 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। कई स्थानों पर बारिश और भूस्खलन के चलते लोगों को परेशानी हो रही है और अलग-अलग जगहों पर कई लोग फंस भी गए थे। ऐसे में हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर के शिक्षण संस्थानों में छुट्टी के निर्देश दिए हैं। इन चारों जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट दिया गया है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य के कुछ जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए संबंधित जिलों के उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि वे भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट को ध्यान में रखते हुए अपने-अपने जिलों में सभी स्कूलों को बंद करने के आदेश तुरंत जारी करें। यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।

हिमाचल के इन जिलों में रेड अलर्ट

राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान व्यापक वर्षा गतिविधि की संभावना जताई गई है। बारिश की तीव्रता आज शाम से फिर बढ़ने की संभावना है। बीते 24 घंटों में हुई भारी वर्षा तथा आगामी समय में संभावित भारी से बहुत भारी वर्षा को ध्यान में रखते हुए, मौसम विभाग ने जिला सोलन, सिरमौर, कांगड़ा एवं मंडी के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। राज्य सरकार स्थिति पर लगातार निगरानी रख रही है और लोगों से अपील है कि वे स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

आदि कैलाश मार्ग फिर बंद

धारचूला में बारिश आफत बन चुकी है। आदि कैलाश यात्रा का मार्ग फिर से बंद कर दिया गया है। आदि कैलाश यात्रा मार्ग दोबाट में चट्टान दरकने से बंद हुआ है। कार्यदाई संस्था सड़क खोलने में जुटी है। हालांकि, सड़क खोलने में समय लग सकता है। देर रात से धारचूला में मूसलाधार बारिश हो रही है। इस वजह से गीली मिट्टी में भूस्खलन ज्यादा हो रहा है। 

रुद्रप्रयाग में मूसलाधार बारिश जारी

रुद्रप्रयाग जिले में रविवार देर रात से मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सोनप्रयाग में रोका गया है। केदारनाथ हाईवे पर जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है। हाईवे के विजयनगर में ऊपरी पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरा। इससे चार से पांच वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है। बदरीनाथ हाईवे भी देर रात से सिरोबगड़ में बंद है। राजमार्ग के दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंसे हैं।

उत्तराखंड के इन जिलों में रेड अलर्ट

उत्तराखंड के चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, रूद्र प्रयाग, टेहरी गढ़वाल, ऊधम सिंह नगर और उत्तर काशी में मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।

Latest India News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *