‘बिहार में अपराधियों का मनोबल आसमान पर’, चिराग पासवान ने लॉ एंड ऑर्डर पर जताई चिंता


chirag paswan
Image Source : FILE
चिराग पासवान

पटना: लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता और मोदी सरकार में मंत्री चिराग पासवान ने बिहार में लॉ एंड ऑर्डर (कानून-व्यवस्था) के बिगड़ते के हालात पर चिंता जाहिर की है और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखे एक पोस्ट में अपनी चिंता जाहिर की है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द ही कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ठोस और कड़े कदम उठाएगा।

अपराधी अब कानून और प्रशासन को सीधी चुनौती दे रहे 

उन्होंने लिखा-‘बिहार में कानून व्यवस्था आज एक गंभीर चिंता का विषय बन गई है। प्रतिदिन हत्याएं हो रही है , अपराधियों का मनोबल आसमान पर है। पुलिस – प्रशासन की कार्यशैली समझ से परे है। आज पटना के रिहायशी इलाके में स्थित पारस अस्पताल के अंदर घुसकर अपराधियों द्वारा सरेआम गोलीबारी की घटना इस बात का प्रमाण है कि अपराधी अब कानून और प्रशासन को सीधी चुनौती दे रहे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बढ़ते अपराधिक मामले चिंताजनक है। उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ठोस और कड़े कदम उठाएगा।’

पैरोल पर जेल से बाहर आए शख्स की हत्या

बता दें कि पटना के पारस अस्पताल में हथियारबंद कुछ लोगों ने पैरोल पर जेल से बाहर आए हत्या के दोषी को गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान बक्सर जिले के निवासी चंदन के रूप में हुई है और वह इलाज के लिए अस्पताल गया था। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दिखाई दे रहा है कि पांच हथियारबंद लोग अस्पताल के आईसीयू में घुस रहे हैं और व्यक्ति पर गोलियां चला रहे हैं। 

 शाहपुर इलाके में धारदार हथियार से शख्स की हत्या

एक अन्य घटना में, बृहस्पतिवार सुबह पटना के शाहपुर इलाके में कुछ लोगों ने एक व्यक्ति की उसके घर के बाहर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान शुभम उर्फ बंटी के रूप में हुई है। अधिकारी ने कहा, ‘‘पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पाया कि उस व्यक्ति की घर के बाहर कुछ अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। शुभम पर धारदार हथियारों से हमला किया गया।’’ पटना नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) भानु प्रताप सिंह ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘शुभम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच जारी है।’’ उन्होंने बताया कि हत्या के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है और मामला दर्ज कर लिया गया है। 

बिहार में कोई सुरक्षित नहीं- तेजस्वी यादव

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर आरोप लगाया, ‘‘सरकारी अपराधियों ने अस्पताल में भर्ती मरीज को आईसीयू में घुसकर मारी गोली। बिहार में कोई भी कहीं भी सुरक्षित नहीं? 2005 से पहले ऐसे होता था जी?’’ पूर्णिया से निर्दलीय लोकसभा सदस्य राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने भी आरोप लगाया कि इस गोलीबारी ने नीतीश कुमार सरकार की पोल खोल दी है। उन्होंने दावा किया, ‘‘राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। मैं राज्यपाल से मिलकर राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग करूंगा। अपराधियों को उनकी जाति के आधार पर मारा जा रहा है।’’





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *