
भारतीय टेस्ट टीम
IND vs ENG Test Series: भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में अभी 1-2 से पीछे चल रही है। अब दोनों टीमों के बीच चौथा टेस्ट मैच 23 जुलाई से खेला जाएगा। इस मैच से पहले ही भारत के दो तेज गेंदबाज चोटिल हो गए हैं। इनमें अर्शदीप सिंह और आकाश दीप के नाम शामिल हैं। इससे भारतीय टीम मैनेजमेंट की टेंशन बढ़ गई है। आकाश दीप ने इंग्लैंड दौरे पर अच्छा प्रदर्शन किया है और दूसरे टेस्ट में भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की थी।
तीसरे टेस्ट में गेंदबाजी करते समय हुई थी दिक्कत
तीसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड के खिलाफ पारी का 30वां ओवर फेंकने के बाद उन्हें कूल्हे को पकड़कर चलते हुए देखा गया। इसके बाद वह ग्राउंड से बाहर चले गए थे। फिर थोड़ी देर बाद वह ग्राउंड में वापस आए थे। लेकिन उन्होंने कोई ओवर नहीं फेंका था। बाद में जब भारतीय टीम टारगेट चेज कर रही थी,तब उन्हें नाइट वॉचमैन के तौर पर भेजा गया था और उनके बल्ले से 11 गेंदों में एक रन निकला था।
चौथे टेस्ट में खेलना मुश्किल
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक आकाश दीप की चोट भारतीय टीम के लिए किसी झटके से कम नहीं है और वह चौथे टेस्ट मैच से बाहर हो सकते हैं। आकाश दीप ग्रोइन इंजरी से जूझ रहे हैं। इंग्लैंड दौरे पर पहले टेस्ट में उन्हें मौका नहीं मिला था। इसके बाद दूसरे टेस्ट में उनकी प्लेइंग इलेवन में वापसी हुई और उन्होंने दमदार गेंदबाजी की और मैच में कुल 10 विकेट हासिल किए। वह अंग्रेज बल्लेबाजों के लिए बड़ा सिरदर्द साबित हुए। तीसरे टेस्ट में उन्होंने एक विकेट चटकाया।
भारतीय टीम के लिए ले चुके 26 टेस्ट विकेट
आकाश दीप ने भारतीय टीम के लिए टेस्ट में साल 2024 में डेब्यू किया था। इसके बाद से उन्होंने टीम इंडिया के लिए 9 टेस्ट मैचों में कुल 26 विकेट अपने नाम किए हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम पर 139 विकेट दर्ज हैं। इसके अलावा 28 लिस्ट-ए मैचों में वह 42 विकेट ले चुके हैं।
यह भी पढ़ें:
टेस्ट सीरीज के बीच करुण नायर ने ले लिया बड़ा फैसला, अचानक ही बदली अपनी टीम
भारतीय कप्तान ने बल्लेबाजों के सिर फोड़ा हार का ठीकरा, कहा – हमें यहां करनी चाहिए थी बेहतर बल्लेबाजी
