
वानखेडे स्टेडियम। (फाइल फोटो)
मुंबई में स्थित वानखेड़े स्टेडियम से बड़ा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। वानखेडे स्टेडियम के सेकंड फ्लोर पर स्थित स्टोर से 6.52 लाख रुपये की जर्सी चुरा ली गई है। जर्सी चोरी करने का आरोप सिक्योरिटी गार्ड के ऊपर लगा है। जानकारी के मुताबिक, लगभग 261 जर्सी चुराई गई है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी सिक्योरिटी गार्ड फारुख असलम खान को गिरफ्तार कर लिया है। आइए जानते हैं इस पूरी घटना के बारे में विस्तार से।
BCCI के मर्चेंडाइज स्टोर से चोरी
पुलिस की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक, वानखेड़े स्टेडियम की दूसरी मंजिल पर स्थित बीसीसीआई के आधिकारिक मर्चेंडाइज स्टोर से 6.52 लाख रुपये के मूल्य की 261 आधिकारिक आईपीएल खिलाड़ियों की जर्सी चोरी हुई है। जर्सी चोरी करने के आरोप में एक सिक्योरिटी गार्ड के खिलाफ मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की ओर से भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 306 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
कितनी है हर जर्सी की कीमत?
ऐसा बताया जा रहा है कि BCCI के मर्चेंडाइज स्टोर से ये चोरी 13 जून, 2025 को हुई थी और शिकायत आधिकारिक तौर पर 17 जुलाई, 2025 को दर्ज की गई थी। पुलिस के अनुसार, माहिम के रहनेवाले बीसीसीआई कर्मचारी हेमंग भारत कुमार अमीन (44) ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। मिली जानकारी के मुताबिक प्रत्येक जर्सी की कीमत लगभग 2500 है।
पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
चोरी के इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी सिक्योरिटी गार्ड फारुख असलम खान को गिरफ्तार कर लिया है। ऐसा बताया जा रहा है आरोपी गार्ड को जुए की भी की लत थी और उसने उसी में पैसे गंवा दिए थे। आरोपी ने इस स्टॉक को ऑनलाइन बेचा। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि उसने इस पूरे स्टॉक को बेचकर कितने पैसे बनाएं।
ये भी पढ़ें- पुणे के IT इंजीनियर ने कंपनी की 7वीं मंजिल से कूदकर दी जान, सुसाइड नोट में पिता से मांगी माफी
