
‘जुनून’ का एक सीन।
90 के दशक को भारतीय टेलीविजन का गोल्डन पीरियड कहा जाता है। उस समय जब मनोरंजन के लिए सिर्फ गिनती के चैनल ही थे तो दूरदर्शन और डीडी मेट्रो पर प्रसारित होने वाले धारावाहिकों ने दर्शकों के दिलों में गहरी छाप छोड़ी थी। ‘रामायण’ और ‘महाभारत’ जैसे धार्मिक धारावाहिक जहां पूरे परिवार के साथ देखे जाते थे, वहीं सामाजिक और पारिवारिक धारावाहिकों ने भी दर्शकों को बांधे रखा। ऐसे ही सीरियलों में से एक नाम है ‘जुनून’, जो अपने समय का सबसे लंबा चलने वाला प्राइमटाइम शो बन गया था।
5 साल चला था ये शो
‘जुनून’ का प्रसारण 1994 में हुआ और यह 5 साल तक दूरदर्शन पर चला। इस शो के कुल 510 एपिसोड प्रसारित हुए, जो उस वक्त भारतीय टेलीविजन के लिए एक रिकॉर्ड था। यह शो वीकली होता था और उसी दौर में वीकली शोज की परंपरा को लोकप्रियता दिलाने में इसका बड़ा हाथ था। जुनून की खास बात थी इसकी बड़ी स्टारकास्ट, कुल 54 कलाकारों ने इसमें अलग-अलग भूमिकाएं निभाईं, जिनमें कई बड़े नाम शामिल थे। इस धारावाहिक की कहानी दो मुख्य किरदारों, सुमेर राजवंश और आदित्य धनराज के इर्द-गिर्द घूमती थी। दोनों बिजनेस राइवल थे और उनका टकराव ही सीरियल की मुख्य कहानी थी। शो में दिखाई गई कारोबारी भिड़ंत, पारिवारिक राजनीति और व्यक्तिगत रिश्तों की गहराई ने दर्शकों को बांध कर रखा।
इन सितारों ने किया काम
इस सीरियल में अर्चना पूरन सिंह, नीना गुप्ता, सईद जाफरी, टॉम ऑल्टर, फरीदा जलाल, मंगल ढिल्लन, किट्टू गिडवानी, विजयेंद्र घाटगे, शशि पुरी, राजेश खट्टर, अजीत वचानी और रंजीत जैसे दिग्गज कलाकारों ने काम किया। अर्चना पूरन सिंह ने इसमें रेखा चक्रवर्ती का किरदार निभाया, जो एक आत्मनिर्भर, आधुनिक सोच वाली महिला थी और घर में पुरुषों के बराबर मानी जाती थी। अर्चना पूरन सिंह ने बताया था कि उस समय वैनिटी वैन की कोई सुविधा नहीं थी। शूटिंग असली लोकेशनों पर होती थी और कलाकार सीमित संसाधनों में ही बेहतरीन प्रदर्शन करते थे। शो की शूटिंग नागी विला नामक बंगले में होती थी, जो 1961 से शूटिंग के लिए इस्तेमाल होता आ रहा है। वहीं मेकअप रूम्स भी साझा किए जाते थे। एक मजेदार किस्सा बताते हुए अर्चना ने कहा था कि एक बार वो और फरीदा जलाल एक ही कमरे में थीं, तभी मंगल ढिल्लन अंदर आया और कपड़े बदलने लगा। अर्चना ने बस पीठ कर ली और मेकअप करती रहीं, वह समय ही ऐसा था।
अब दुनिया में नहीं हैं ये सितारे
दुखद बात यह है कि इस शो के 12 प्रमुख कलाकार अब इस दुनिया में नहीं हैं। इनमें सईद जाफरी, मंगल ढिल्लन, टॉम ऑल्टर, रविंद्र कपूर, नवीन निश्चल, दीना पाठक, सुरेश चटवाल, शिवराज, गेविन पैकर्ड, मोहन गोखले, अजीत वचानी, वीरेंद्र राजदान और चंद्रशेखर वैद्य जैसे नाम शामिल हैं। इनमें से कुछ की मृत्यु बीमारी से हुई तो हार्ट अटैक के चलते इस दुनिया को अलविदा कह गए। आज जुनून भले ही टीवी स्क्रीन पर नहीं है, लेकिन उस दौर के दर्शकों के दिलों में उसकी जगह अब भी कायम है।
