
सांकेतिक तस्वीर
जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में भूस्खलन (Landslide) की घटना सामने आई है। एक वाहन पर पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक उपमंडल मजिस्ट्रेट (SDM) राजिंदर सिंह राणा और उनके बेटे की मौत हो गई। उनकी पत्नी और दो अन्य लोग घायल हो गए।
परिवार संग जा रहे थे अपने पैतृक गांव
भूस्खलन की यह घटना गुरुवार रात सलुख इख्तर नाला क्षेत्र में उस समय हुई, जब राजिंदर सिंह राणा अपने परिवार के साथ धर्मारी से अपने पैतृक गांव पट्टियां जा रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन के कारण एक बड़ा पत्थर वाहन से टकराया, जिससे जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राणा और उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
2011 बैच के अधिकारी थे राजिंदर सिंह राणा
घायलों को निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को रियासी के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। साल 2011 बैच के अधिकारी राणा रामनगर एसडीएम के पद पर तैनात थे। इससे पहले पूर्वी लद्दाख में सेना के वाहन पर चट्टान से पत्थर गिरने से दो सैन्यकर्मी मारे गए थे।
LG मनोज सिन्हा ने इस घटना पर जताया दुख
इस घटना पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने एसडीएम के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘रियासी के धर्मारी में हुए भूस्खलन की घटना से अत्यंत दुखी हूं, जिसमें हमने एक अधिकारी, राजिंदर सिंह, जेकेएएस 2011, एसडीएम रामनगर और उनके बेटे को खो दिया है। यह त्रासदी हृदय विदारक है। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि इस घटना में घायल लोग शीघ्र स्वस्थ हों।’
जानिए क्या बोले डॉक्टर?
रियासी जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर गोपाल दत्त ने कहा, ‘घटना की सूचना मिलते ही हमने दो एम्बुलेंस मौके पर भेजीं। 6 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना में हमने एक युवा अधिकारी खो दिया है।’
