
अभिनय किंगर।
सिनेमा की दुनिया बाहर से जितनी चमक-दमक भरी लगती है, इसमें संघर्ष और कठिनाइयां उससे कहीं अधिक हैं। इंडस्ट्री में ऐसे कई कलाकार हैं, जो फिल्मी दुनिया का सच लोगों के सामने रख चुके हैं। फिल्मी दुनिया में ऐसी कई कहानियां हैं, जो अंधेरे में छुपी हुई हैं और चमक-दमक के चलते ये आसानी से सामने नहीं आतीं। इंडस्ट्री में कई स्टार्स आए, जिन्होंने धमाकेदार डेब्यू किया, लेकिन धीरे-धीरे कर ये गुमनामी में खो गए। इन्हीं में से एक हैं अभिनय किंगर, जिन्होंने दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार धनुष की फिल्म से डेब्यू किया था और फहाद फासिल की पहली फिल्म में नजर आए, लेकिन आज ये ऐसी जिंदगी जीने को मजबूर हैं, जिसके बारे में ख्याल भी आने पर रूह सिहर जाती है। अपने जबरदस्त डेब्यू के बाद भी अभिनय किंगर आज मुश्किलों और आर्थिक तंगी में जीवन बिता रहे हैं, वो भी एक जानलेवा बीमारी के साथ।
लिवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं अभिनय
धनुष की फिल्म से डेब्यू करने वाले अभिनय आज बहुत मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। 44 साल की उम्र में वह लिवर की गंभीर बीमारी की चपेट में आ गए, जिसके चलते उनके लिए शारीरिक और आर्थिक मुश्किलें खड़ी हो गईं। एक तरफ बेरोजगारी और दूसरी तरफ बीमारी, उनकी देखभाल के लिए भी कोई नहीं है, जिसके चलते उनके लिए अपने मेडिकल बिल चुकाने और आम खर्चे उठाना भी मुश्किल हो गया है। हाल ही में सोशल मीडिया पर अभिनय का एक वीडियो सामने आया, जिसमें उन्हें पहचान पाना भी मुश्किल है।
धनुष की फिल्म से किया था डेब्यू
44 साल के अभिनय किंगर ने 2002 में धनुष की फिल्म ‘थुल्लुवधो इलमई’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखे, जिसके बाद उन्होंने ‘जे जंक्शन’ में लीड एक्टर के तौर पर काम किया। अपने काम से वह दर्शकों का दिल जीतने में सफल भी हुए, जिसके बाद लगा कि वह फिल्मी दुनिया के नए चमकते सितारे हैं, लेकिन ऐसा हो नहीं सका और अब वह लिवर की एक गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, जिसने उन्हें शारीरिक और मानसिक तौर पर तोड़ दिया है। उनके पिता की मौत कैंसर के चलते हो गई थी और अब वह आर्थिक तंगी के चलते अभिनय एक कमरे में गुमनामी में गुजर-बसर करने को मजबूर हो गए हैं।
अभिनय किंगर का वीडियो
हाल ही में बालन आकाश बालायन जगनाथन नाम के एक सोशल मीडिया यूजर ने अभिनय के साथ एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह अपनी बीमारी और आर्थिक हालत के बारे में बात करते नजर आए। वीडियो पर कई यूजर्स रिएक्शन दे रहे हैं और उनके जल्द से जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं। इससे पहले पिछले साल एक इंटरव्यू में, अभिनय ने बताया था कि वह आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं, जिसके चलते वह सरकारी मेस से मिलने वाले खाने पर निर्भर हैं। उनके पास कोई काम नहीं है, जिसने उनकी स्थिति को और भी खराब कर दिया है। इसी के साथ उन्होंने इंडस्ट्री के लोगों से मदद की गुहार भी लगाई थी।
