
पाकिस्तान क्रिकेट टीम
ऑस्ट्रेलिया में खेली जा रही टॉप एंड टी20 सीरीज में पाकिस्तान शाहीन टीम भी हिस्सा ले रही है, जिसमें उन्होंने टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला 13 अगस्त को बांग्लादेश ए टीम के खिलाफ खेला और उसे उन्होंने 79 रनों से अपने नाम किया। पाकिस्तान शाहीन टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में चार विकेट के नुकसान पर 227 रन बनाए थे, जिसके बाद बांग्लादेश ए टीम टारगेट का पीछा करते हुए 16.5 ओवर्स में 148 रन बनाकर सिमट गई।
इस मैच में पाकिस्तान शाहीन टीम की बल्लेबाजी के दौरान फैंस को एक ऐसा नजारा देखने को मिला जिसकी उम्मीद पाकिस्तानी टीम से ही की जा सकती है। ख्वाजा नफी जो अर्धशतक बनाकर खेल रहे थे वह एक रन लेने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे जिसके बाद वह अपने साथी खिलाड़ी पर ही मैदान पर गुस्सा दिखाते हुए नजर आए।
ख्वाजा नफी ने रन आउट होने के बाद फेंका बल्ला और निकाली भड़ास
पाकिस्तान शाहीन टीम की तरफ से इस मुकाबले में ओपनिंग करने के लिए ख्वाजा नफी और यासिर खान बल्लेबाजी करने के लिए उतरे और दोनों ने टीम को शानदार शुरुआत दी। यासिर और नफी के बीच पहले विकेट के लिए 118 रनों की साझेदारी देखने को मिली। पाकिस्तान शाहीन टीम ने अपना पहला विकेट 12वें ओवर की पहली गेंद पर उस समय गंवाया जब यासिर खान बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में चूक गए जिसमें गेंद उनके पैड से टकराकर वहीं रुक गई। इसी दौरान नफी ने एक रन लेने के प्रयास में दौड़ लगा दी लेकिन यासिर ने मना कर दिया। इसके बाद नफी जब तक वापस लौटे गेंद नॉन स्ट्राइक एंड के विकेट पर मार दी गई थी।
ख्वाजा नफी रन आउट होने के बाद काफी गुस्से में नजर आए जिसमें उन्होंने पहले मैदान पर अपना बल्ला फेंका और उसके बाद यासिर खान पर कुछ कहते हुए नजर आए। ख्वाजा नफी ने इस मैच में 31 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके और 2 छक्कों की मदद से कुल 61 रनों की पारी खेली।
गेंदबाजी में शाद मसूद और फैजल अकरम ने दिखाया कमाल
इस मैच में पाकिस्तान शाहीन टीम की तरफ से गेंदबाजी में शाद मसूद और फैजल अकरम का कमाल देखने को मिला जिसमें दोनों ने 3-3 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा मोहम्मद वसीम ने 2 जबकि उबैद शाह और माज सदाकत ने 1-1 विकेट हासिल किया। पाकिस्तान शाहीन की टीम अपना अगला मुकाबला अब 16 अगस्त को पर्थ स्कॉर्चर्स एकेडमी के खिलाफ खेलेगी।
ये भी पढ़ें
पृथ्वी शॉ अब इस टीम से आएंगे खेलते हुए नजर, स्क्वाड का हुआ ऐलान CSK के स्टार खिलाड़ी को भी मिली जगह
एशिया कप के लिए कब होगा टीम इंडिया का ऐलान, अभी से जान लीजिए
