
पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर
इस्लामाबाद: पाकिस्तान में अफवाहों का बाजार गर्म है कि सेना प्रमुख असीम मुनीर अगला राष्ट्रपति बन सकते हैं। इस बीच अब पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने इस मामले में चुप्पी तोड़ते हुए बड़ा बयान दिया है। मुनीर ने देश के नेतृत्व में किसी भी बदलाव की अटकलों को खारिज किया है और राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी को अपदस्थ किए जाने की अफवाहों को पूरी तरह से झूठा बताया है। जुलाई से पाकिस्तान में अटकलों का बाजार गर्म था कि राष्ट्रपति जरदारी से पद छोड़ने के लिए कहा जा सकता है और सेना प्रमुख शीर्ष पद संभाल सकते हैं।
मुनीर ने कब कही ये बात?
जंग मीडिया समूह के स्तंभकार सुहैल वराइच ने दावा किया है कि सेना प्रमुख ने ब्रसेल्स में हाल में हुई एक बैठक के दौरान इस मामले पर उनसे व्यक्तिगत रूप से बात की थी। पिछले हफ्ते अमेरिका की यात्रा से लौटने पर मुनीर कुछ समय के लिए बेल्जियम में रुके थे। वराइच ने कहा, ”बातचीत राजनीति से शुरू हुई, खासकर उन अफवाहों पर कि पाकिस्तान के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री दोनों को बदलने की कोशिश की जा रही है।”
मुनीर ने क्या कहा?
वराइच से बातचीत में फील्ड मार्शल मुनीर ने साफ तौर पर कहा कि बदलाव की खबरें पूरी तरह से झूठी हैं। उन्होंने कहा, “इस (अफवाह) के पीछे ऐसे तत्व हैं, जो सरकार और सेना दोनों का विरोध करते हैं और राजनीतिक अराजकता पैदा करना चाहते हैं।” मुनीर ने ब्रसेल्स की सभा में अपनी महत्वाकांक्षाओं का भी जिक्र किया और कहा, “अल्लाह ने मुझे देश का रक्षक बनाया है। मुझे इसके अलावा किसी और पद की इच्छा नहीं है।”
पीएम शरीफ ने कही थी ये बात
इस बीच यहां यह भी बता दें कि, हाल ही में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी इस तरह की अफवाहों को खारिज कर दिया था। पीएम शरीफ ने कहा था कि इस बात में कोई तथ्य नहीं है कि राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी को पद छोड़ने के लिए मजबूर किया जा सकता है और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसीम मुनीर उनका पदभार ग्रहण करेंगे। (भाषा)
यह भी पढ़ें:
पाकिस्तान में बड़ा रेल हादसा, पटरी से उतरी ट्रेन; एक शख्स की मौत कई घायल
पाकिस्तान में भारी बारिश और बाढ़ ने मचाया हाहाकार, 48 घंटे में 327 लोगों की हुई मौत; बिगड़े हालात
