
बाबर आजम
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 17 अगस्त को एशिया कप 2025 के लिए अपनी स्क्वाड का ऐलान कर दिया। पाकिस्तान की टीम में उनके 2 बड़े स्टार खिलाड़ी बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान दोनों को इस अहम टूर्नामेंट के लिए स्क्वाड में जगह नहीं मिली। एशिया कप के लिए पाकिस्तानी टीम का कप्तान सलमान अली आगा को बनाया गया है तो वहीं टीम में शाहीन अफरीदी, मोहम्मद वसीम और फखर जमान को भी जगह मिली है। वहीं एक समय पाकिस्तानी टीम के लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट में अहम हिस्सा रहने वाले बाबर आजम और रिजवान दोनों को इस अहम टूर्नामेंट के लिए नहीं चुने जाने के पीछे के कारण का खुलासा खुद पाकिस्तानी टीम के मौजूदा हेड कोच माइक हेसन ने किया।
स्पिन के खिलाफ उनका स्ट्राइक रेट काफी कम
माइक हेसन ने एशिया कप 2025 के लिए पाकिस्तानी स्क्वाड का ऐलान होने के बाद बाबर आजम को नहीं चुने जाने के पीछे के कारण को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि बाबर को अभी कुछ ऐसे एरिया हैं जहां काफी सुधार करने की जरूरत है। मैं जानता हूं कि बाबर इन सभी चीजों को सुधारने के लिए काफी कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उनका स्पिन के खिलाफ स्ट्राइक रेट काफी कम है। बाबर अभी इस साल के आखिर में बिग बैश लीग में खेलेंगे जहां पर उनके पास खुद को साबित करने का मौका होगा जिसमें वह अपनी मेहनत को भी दिखा सकते हैं। वह काफी बेहतर खिलाड़ी हैं ऐसे में उन्हें नजरअंदाज करना बिल्कुल भी आसान काम नहीं होगा।
पीएसएल 2025 में भी काफी कम रहा था स्ट्राइक रेट
बाबर आजम का पाकिस्तान सुपर लीग के इस साल हुए सीजन में प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो उन्होंने पेशावर जाल्मी टीम की तरफ से खेलते हुए 10 मैचों में 288 रन बनाए थे, जिसमें उन्होंने 128.57 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे, यह मौजूदा दौर को देखते हुए काफी कम है। वहीं बाबर ने हाल में हुई वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में कुल 56 रन तीन पारियों में बनाए थे, जिसमें वह एक बार अपना खाता भी नहीं खोल सके थे।
ये भी पढ़ें
T20I क्रिकेट में कोहली का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने से इतने रन दूर मैक्सवेल, बटलर को छोड़ दिया पीछे
एक ओवर-दो विकेट, कॉर्बिन बॉश ने AUS के खिलाफ किया कमाल, इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा
