
अमीषा के बैग का कलेक्शन देख दंग रह गईं फराह खान
फराह खान पिछले कुछ महीनों से अपने व्लॉग्स को लेकर सुर्खियों में रहती हैं। उनके कुक दिलीप के साथ उनकी बॉन्डिंग का भी जवाब नहीं। दोनों की नोंक-झोंक दर्शकों का खूब मनोरंजन करती है। अपने व्लॉग के जरिए फराह खान फैंस को अब तक कई सेलिब्रिटीज के घर की झलक दिखा चुकी हैं। वह श्रुति हासन, शंकर महादेवन, अर्जुन कपूर, हुमा कुरैशी से लेकर करण जौहर तक के साथ वह व्लॉग बना चुकी हैं। अब हाल ही में फराह खान अमीषा पटेल के घर पहुंचीं, जहां उन्होंने खाने का तो लुत्फ उठाया ही, साथ ही फैंस को अभिनेत्री के लग्जरी बैग और जूते का कलेक्शन भी दिखाया।
अमीषा के बैग कलेक्श को देख हैरान हुईं फराह खान
अमीषा के घर पहुंचने पर फराह पहले तो दर्शकों को अमीषा के लग्जरी घर की झलक दिखाती हैं और उसके बाद वह उनके कलेक्शन की तरफ बढ़ती हैं। जब फराह, अमीषा का बैग कलेक्शन देखती हैं तो दंग रह जाती हैं। लुई विटॉन, डिओर, से लेकर गुची तक, अमीषा ने बताया कि उनके पास 400 से ज्यादा लग्जरी बैग हैं। एक्ट्रेस ने जैसे ही अपने बैग्स का कलेक्शन फराह खान को दिखाया, उनकी आंखें खुली की खुली रह गईं। एक-दो नहीं, बल्कि अमीषा के घर की तीन अलमारियां बैग्स से भरी हुई थीं। इसके बाद वह एक अलमारी की ओर इशारा करती हैं, जो बिर्किन बैग से भरी हुई थी।
लग्जरी ब्रांड की हील्स का भी है कलेक्शन
इसके बाद अमीषा ने फराह खान को अपनी हील्स का कलेक्शन भी दिखाया और ये भी अलग-अलग लग्जरी ब्रांड के। सिर्फ बैग या हील्स ही नहीं, अमीषा के पास क्लच, बेल्ट्स का भी जबरदस्त कलेक्शन है। अमीषा के बैग और सैंडल्स का कलेक्शन देखकर फराह दंग रह जाती हैं और कहती हैं। वहीं अमीषा कहती हैं कि अगर वह इतने बैग और सैंडल्स नहीं लेतीं तो उनके पास एक और पैंट हाउस होता और फिर हंसने लगती हैं। इसके बाद वह अपने किचन में जाती हैं, इसी दौरान वह बताती हैं कि उन्हें ओसीडी है और इसलिए उन्हें हर चीज अपनी जगह पर चाहिए होती है।
शेयर कीं शूटिंग से जुड़ी यादें
अमीषा बताती हैं कि वह किताबों की भी बहुत बड़ी शौकीन हैं, वह दो से तीन दिन में एक किताब पढ़कर खत्म कर देती हैं और फिर इसे किसी और को पढ़ने के लिए दे देती हैं। इस पर फराह कहती हैं कि उन्हें बैग के साथ भी ऐसा ही करना चाहिए। अमीषा बताती हैं कि वह अपने कई बैग लोगों को दे चुकी हैं, लेकिन उसके बाद भी अभी इतने बैग्स बचे हुए हैं। इसके बाद फराह और अमीषा ने शूटिंग से जुड़ी यादें शेयर कीं।
