
सोनम कपूर
बॉलीवुड हीरोइन रहीं सोनम कपूर ने साल 2018 में आखिरी सुपरहिट फिल्म ‘संजू’ में काम किया था। इस फिल्म में उनके ऑनस्क्रीन हीरो रणबीर कपूर रहे थे। लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि रणबीर कपूर ही सोनम कपूर के साथ डेब्यू करने वाले वो हीरो बने जिसका डेब्यू भले ही फ्लॉप रहा हो। लेकिन आगे चलकर रणबीर बॉलीवुड के सुपरस्टार बने और आज 1200 करोड़ी फिल्म ‘रामायण’ को अपने स्टारडम के कंधे पर उठाकर घूम रहे हैं। डायरेक्टर नीतेश तिवारी की फिल्म रामायण जिसका बजट 1200 करोड़ रुपयों से ज्यादा है और इसमें सुपरस्टार्स की लंबी-चौंड़ी कास्ट है। इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम का किरदार निभाने वाले हैं।
फ्लॉप रहा था दोनों स्टारकिड्स का डेब्यू
सोनम कपूर के पिता अनिल कपूर भी बॉलीवुड के सुपरस्टार हैं और सोनम का आधे से ज्यादा खानदान फिल्मी दुनिया में काम करता है। सोनम के ताऊ बोनी कपूर बॉलीवुड के धाकड़ प्रोड्यूसर हैं। सोनम ने साल 2007 में आई फिल्म सांवरिया से अपने करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म में सोनम के डेब्यू हीरो रणबीर कपूर रहे थे। डायरेक्टर संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘सांवरिया’ 2 स्टारकिड्स को लॉन्च करने आई थी और बुरी तरह पिट गई थी। फिल्म में बेहतरीन गाने थे और दोनों की कैमिस्ट्री ने भी काफी तारीफें बटोरी थीं। इसके बाद भी दोनों की ये डेब्यू फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही थी।
हिट हीरो बनने की कहानी
रणबीर कपूर भले ही अपनी डेब्यू फिल्म में कोई खास कमाल नहीं कर पाए हों लेकिन इसके बाद चंद फिल्मों के जरिए रणबीर ने कमाल का ग्राफ डेवलप किया और स्टार बन गए। रणबीर की पहली फिल्म फ्लॉप रही और दूसरी फिल्म ‘बचना ये हसीनो’ भी औंधे मुंह गिरी थी। लेकिन इसके बाद भी रणबीर ने हार नहीं मानी और अगली फिल्म ‘वेकअप सिड’ में काम किया। इस फिल्म में कोंकणा सेन शर्मा उनकी लीडिंग लेडी रही थी। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट हो गई और रणबीर को भी हीरो बना गई। इसके बाद रणबीर ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और अजब प्रेम की गजब कहानी, राजनीति, अंजाना-अंजानी जैसी फिल्मों में काम किया। लेकिन रणबीर को सुपरस्टार बनाने वाली फिल्म थी ‘रॉकस्टार’। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर दिया और सुपरहिट रही।
इन फिल्मों के किरदारों ने बनाई दिलों में जगह
रणबीर ने इसके बाद लगातार बेहतरीन फिल्मों में काम किया और दमदार किरदार निभाए। इनमें से बर्फी, ये जवानी है दीवानी, बेशरम, रॉय, तमाशा जैसी फिल्मों के किरदारों ने लोगों के दिलों में जगह बनाई। आज रणबीर बॉलीवुड के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में से एक हैं।
1200 करोड़ी लगा है दांव
अब रणबीर कपूर पर 1200 करोड़ी दांव लगा है और रामायण में राम के किरदार में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म का बीते दिनों फर्स्ट लुक भी रिलीज कर दिया गया था। साथ ही इस फिल्म में रणबीर के साथ सुपरस्टार्स की एक लंबी फौज भी नजर आने वाली है। कन्नड़ स्टार यश को रावण के रोल में देखने को मिलने वाला है। सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। ये फिल्म अगले साल दीपावली पर रिलीज होगी।