
संजू सैमसन
भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी संजू सैमसन इस वक्त जबरदस्त तरीके से छाए हुए हैं। उन्हें एशिया कप के लिए टीम इंडिया में जगह तो मिली है, लेकिन इस बात की संभावना कम है कि वे प्लेइंग इलेवन में खेल पाएंगे। लेकिन संजू ने हिम्मत नहीं हारी है और एशिया कप में खेलने के लिए नई प्लानिंग शुरू कर दी है। यानी संजू को इग्नोर करना अब कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए आसान नहीं होगा।
एशिया कप में अभिषेक और शुभमन के ओपनिंग की संभावना
एशिया कप के लिए चुनी गई टीम इंडिया में संजू सैमसन का नाम शामिल किया गया है। टीम में दो विकेटकीपर रखे गए हैं, इसमें पहला नाम संजू का है और दूसरा जितेश शर्मा का रखा गया है। संजू ने पिछले कुछ वक्त से टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया के लिए ओपनिंग का काम किया है, लेकिन इस बार नहीं लगता कि उन्हें सलामी बल्लेबाज के तौर पर भेजा जाएगा। माना जा रहा है कि अभिषेक शर्मा के साथ शुभमन गिल टीम इंडिया के लिए ओपनिंग करेंगे। तीसरे नंबर पर तिलक वर्मा और नंबर चार पर कप्तान सूर्यकुमार यादव उतरेंगे। यानी टॉप आर्डर में संजू की जगह नहीं बन रही है। तो क्या संजू प्लेइंग इलेवन से बाहर हो जाएंगे और पहले से ही नीचे के क्रम में खेल रहे जितेश शर्मा बाजी मार जाएंगे।
केरला क्रिकेट लीग में खेल रहे हैं संजू
अभी एशिया कप में वक्त है और इस बीच केरला क्रिकेट लीग का आगाज हो गया है। इसमें संजू सैमसन खेल रहे हैं। संजू इस टूर्नामेंट में कोच्चि ब्लू टाइगर्स की ओर से खेल रहे हैं, वे टीम के कप्तान नहीं है। पहले मैच में जब कोच्चि ब्लू टाइगर्स की टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी तो वहां पर नंबर चार तक संजू सैमसन बल्लेबाजी के लिए नहीं आए। यानी वे नीचे के क्रम में बल्लेबाजी करने आने वाले थे, लेकिन इसकी जरूरत नहीं पड़ी।
लोअर आर्डर में भी बल्लेबाजी के लिए तैयार हैं सैमसन
संजू सैमसन भी लगता है कि अब मान चुके हैं कि वे एशिया कप में ओपनिंग नहीं करेंगे, ऐसे में अगर उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह बनानी है तो नीचे क्रम में बल्लेबाजी करनी होगी। शायद यही वजह है कि संजू सैमसन केरला क्रिकेट लीग में नीचे बल्लेबाजी के लिए तैयार हैं। पहले मैच में संजू की बल्लेबाजी नहीं आई, लेकिन अब देखना होगा कि आगे के मैच में जब कोच्चि की टीम उतरेगी तो संजू कहां बल्लेबाजी करते हैं, इसके बाद ही उनके प्लान का खुलासा हो पाएगा।
