
टेम्बा बावुमा
AUS vs SA: ऑस्ट्रेलिया ने मैके में खेले गए तीसरे और आखिरी वनडे में साउथ अफ्रीका को 276 रन से मात देकर सीरीज का अंत जीत के साथ किया। हालांकि, शुरुआती दो मैच हारने के कारण ऑस्ट्रेलिया 1-2 से सीरीज गंवा बैठा, लेकिन तीसरे मैच में बेहतरीन जीत के दम पर घर में अपनी लाज बचाई। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी की और फिर गेंदबाजी में भी कमाल किया।
ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ दो विकेट खोकर 431 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। ट्रेविस हेड (142 रन), कप्तान मिचेल मार्श (100 रन) और कैमरून ग्रीन (नाबाद 118 रन) ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर साउथ अफ्रीका को बैकफुट पर धकेल दिया। जवाब में मेहमान टीम 25 ओवर भी नहीं टिक सकी और 155 रन पर ढेर हो गई।
साउथ अफ्रीका के पास नहीं था कोई जवाब
ODI में अपनी सबसे बड़ी हार झेलने के बाद साउथ अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा ने कहा कि उनकी टीम पहली ही गेंद से दबाव में थी। उन्होंने हमें दबाव में डाल दिया और हमारे पास कोई जवाब नहीं था। आज वे हमसे कहीं बेहतर थे। यह हम सभी के लिए सीखने का एक अच्छा मौका है। बल्लेबाजों के लिए भी।
उन्होंने आगे कहा कि हर दिन 432 रनों का पीछा करना जरूरी नहीं होता और हम इससे बेहतर ही हो सकते हैं। हमें नहीं लगता कि हम अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आसपास भी खेल पाए हैं, इसलिए सीरीज जीतने के लिए यह एक अच्छा प्रयास है। हमें लगातार बेहतर होते रहना होगा।
अब इंग्लैंड दौरे पर जाएगी साउथ अफ्रीका
साउथ अफ्रीका ने ODI सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया के साथ T20I सीरीज भी खेली थी। हालांकि, इस सीरीज को ऑस्ट्रेलिया ने 2-1 से अपने नाम किया था। ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद अब साउथ अफ्रीकी टीम अगले महीने इंग्लैंड का दौरा करेगी। इस दौरे पर T20I और ODI दोनों सीरीज खेली जाएंगी। 2 सितंबर से साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच ODI सीरीज का आगाज होगा। इसके बाद 10 सितंबर से T20I सीरीज खेली जाएगी।
यह भी पढ़ें:
22 साल के ऑस्ट्रेलियन गेंदबाज ने कर दिया करिश्मा, 38 साल पुराना कीर्तिमान हुआ ध्वस्त
SA vs AUS: साउथ अफ्रीका को मिली सबसे बड़ी हार, ऑस्ट्रेलिया ने तोड़ा टीम इंडिया का कीर्तिमान
