जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में 2 आतंकी ढेर, एक का नाम पहलगाम हमले के बाद जारी आतंकियों की लिस्ट में था; सेना के 2 जवान भी शहीद


kulgam terrorist killed- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT
सेब के बाग में पड़ी मिली आतंकवादी की लाश।

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सोमवार को मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए और दो सैनिक शहीद हो गए। जिन 2 आतंकवादियों को मार गिराया गया है, उनमें एक पाकिस्तानी लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का कमांडर रहमान भाई भी शामिल है। वह पिछले 3 साल से इस इलाके में एक्टिव था। वहीं मारा गया दूसरा आंतकवादी शोपियां निवासी आमिर अहमद डार है, वह भी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था और पिछले 2 सालों से सक्रिय था। पहलगाम हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों की तरफ से जारी 14 आतंकवादियों की लिस्ट में यह भी शामिल था।

आतंकियों के शवों के पास से हथियार, गोला-बारूद बरामद

सुरक्षा बलों ने मारे गए आतंकवादी के शवों के पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया है। सुरक्षा बलों ने गुडार वन क्षेत्र में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद तलाश अभियान शुरू किया। तलाश अभियान के दौरान आतंकवादियों द्वारा सुरक्षा बलों पर गोलियां चलाए जाने के बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।

तीन घायल सैनिकों में से 2 ने तोड़ा दम

सेना की श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने X पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर पुलिस को खुफिया सूचना मिलने के बाद भारतीय सेना, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने कुलगाम के गुडार जंगल में संयुक्त तलाश अभियान चलाया।’’ पोस्ट में कहा गया कि सतर्क सैनिकों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और आतंकवादियों को ललकारा, जिसपर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, ‘‘जिसके बाद दोनों ओर से भीषण गोलीबारी हुई और एक आतंकवादी मारा गया, वहीं एक जूनियर कमीशन अधिकारी घायल हो गया’’।

kulgam encounter

Image Source : PTI

कुलगाम एनकाउंटर।

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, मारे गए आतंकवादियों में से एक स्थानीय था, जबकि दूसरा विदेशी आतंकवादी था, जिसका कोड नाम ‘रहमान भाई’ था। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में सेना के तीन जवान घायल हो गए, जिनमें से दो ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया। 

पाकिस्तानी घुसपैठिया गिरफ्तार

वहीं, रविवार की रात जम्मू के आरएस पुरा सेक्टर में इंटरनशनल बोर्डर के पास से एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया गया। घुसपैठिए की पहचान पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के सरगोधा निवासी सिराज खान के रूप में हुई है। जवानों ने घुसपैठिए को ललकारने के बाद गोलियां चलाईं। इसके बाद उसे सीमा पर लगी बाड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। घुसपैठिए के पास से कुछ पाकिस्तानी मुद्रा बरामद हुई हैं।  





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *