
तेज प्रताप यादव
पटना: आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव मंगलवार को अपने छोटे भाई तेजस्वी प्रसाद यादव के वैशाली जिले के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया और बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित ग्रामीणों के बीच राहत सामग्री वितरित की। तेज प्रताप ने एक्स हैंडल पर कुछ तस्वीरें शेयर की। जिसमें वो एक मोटरबोट पर गेहूं के आटे, चूड़ा, बिस्कुट, कपड़े और दवाओं जैसी राहत सामग्री लोगों में बांटते दिखाई दे रहे हैं। वह डॉक्टरों की एक टीम भी साथ लाए थे जिन्होंने बाढ़ के पानी में फंसे निवासियों की स्वास्थ्य जांच की। तेज प्रताप ने संकटग्रस्त लोगों की सहायता के लिए पांच अतिरिक्त नाव भी तैनात करवाई।
राघोपुर के विधायक लोगों को नहीं पहुंचा रहे मददः तेज प्रताप
तेज प्रताप ने एक्स हैंडल पर लिखा, ‘वैशाली जिले के राघोपुर विधानसभा अंतर्गत विदुपुर ब्लॉक के विभिन्न पंचायत पूरे तरीके से बाढ़ से प्रभावित हो चुका है। इस विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश पंचायत और गांव बाढ़ के कारण डूब चुके हैं, लेकिन भाजपा नीतीश सरकार द्वारा और यहां के सांसद और विधायक द्वारा भी किसी प्रकार की कोई सहायता नहीं पहुंचाई जा रही है। बता दें कि राघोपुर के विधायक तेज प्रताप के छोटे भाई तेजस्वी यादव हैं। अपने छोटे भाई पर बिना नाम लिए निशाना साधते हुए तेज प्रताप ने राघोपुर विधायक को सलाह दी कि वे घर-परिवार से बाहर आकर बाढ़ पीड़ितों से मिलें और उनके दुख-दर्द को समझें।
जब मुझे राघोपुर क्षेत्र के स्थानीय लोगों ने मुझे अपनी समस्या से अवगत करवाया तब मुझसे रुका नहीं गया और आज हमने खुद जाकर बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात किया और उन्हें राहत सामग्री और मेडिकल सहायता देने का काम किया’।
तेज प्रताप ने नीतीश सरकार पर भी साधा निशाना
तेज प्रताप यादव ने यह भी कहा कि ‘सरकार और नेता बाढ़ से प्रभावित बिहार के लोगों से मिलने तक नहीं जा पा रहे हैं, राहत सामग्री और अन्य मेडिकल सहायता प्रदान करना तो बहुत दूर की बात है। ऐसी निकम्मी और कोमा में जा चुकी सरकार को इस बार उखाड़ फेंकना है। तभी बिहार से पलायन और बाढ़ जैसी आपदा को रोका सकता है’।
लालू परिवार की सीट रही है राघोपुर
गौरतलब है कि तेजस्वी जिस राघोपुर सीट से वर्तमान में प्रतिनिधित्व करते हैं, वहां से उनके लालू प्रसाद और मां राबड़ी देवी विधायक रहे हैं और दोनों बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। लालू ने दो बार इस सीट का प्रतिनिधित्व किया, जबकि उनकी पत्नी राबड़ी तीन बार यहां से विधायक रहीं। 2015 से उनके बेटे तेजस्वी विधायक हैं।
