
सैम अयूब
PAK vs OMAN: पाकिस्तान क्रिकेट टीम एशिया कप 2025 में पहली बार मैदान पर उतरी और पहले ही ओवर में ऐसा कुछ देखने के लिए मिला, जिसकी किसी ने कल्पना तक नहीं की होगी। पाकिस्तानी बल्लेबाज साफतौर पर आउट हो गया, लेकिन इसके बाद भी डीआरएस ले लिया गया। बाद में पोल खुल तो जमकर जगहंसाई हुई। इसका वीडियो देखकर आप भी भौचक रह जाएंगे।
पहली बार हो रहा है पाकिस्तान और ओमान के बीच मुकाबला
एशिया कप में शुक्रवार को पाकिस्तान और ओमान की टीमें आमने सामने होती हैं। ये इन दोनों टीमों का पहला मुकाबला है। पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करते हैं। कप्तान की चाहत होती है कि पहले बल्लेबाजी कर बड़ा स्कोर खड़ा किया जाए। इसके लिए वे सलामी बल्लेबाज के तौर पर सैम अयूब और साहिबजादा फरहान को क्रीज पर भेज देते हैं। पहली बॉल का सामना फरहान ने किया और उन्होंने दो रन लिए। इसके बाद अगली बॉल वाइड हो जाती है और इस पर भी एक रन आ जाते हैं। यानी ओवर और मैच की दूसरी बॉल पर सैम अयूब अब गेंदबाज शाह फैजल के सामने होते हैं। बस यही पर कुछ अद्भुत होता है।
साफ आउट थे सैम अयूब
शाह फैजल की मिडल स्टंप की बॉल खेलने में सैम अयूब चूक कर जाते हैं और बॉल सीधे उनके पैड पर लगती है। दरअसल गेंद कुछ नीचे रह गई थी। गेंदबाज और पूरी ओमान की टीम एलबीडब्ल्यू की अपील करती है। अंपायर भी इससे सहमत नजर आते हैं और वे आउट करार दे दिए जाते हैं। आनन फानन में सैम अयूब अपने साथी साहिबजादा के पास आते हैं और ऐसे दिखाते हैं, जैसे वे नॉटआउट हैं। इसके बाद रिव्यू मांग लेते हैं।
वीडियो देखकर हंस रही है पूरी दुनिया
तीसरे अंपायर जब रिप्ले देखते हैं तो पता चलता है कि बॉल और बैट का कोई सम्पर्क ही नहीं हुआ है और बॉल सीधे मिडल स्टंप पर जाकर लगती है। इसके बाद वे फिर से आउट दिए जाते हैं। डीआरएस को क्रिकेट में इसलिए लाया गया था, ताकि नजदीकी फैसलों को ठीक से चेक किया जा सके, लेकिन सैम अयूब ने जिस तरह का रिव्यू लिया है, उससे तो डीआरएस की भी भयंकर बेइज्जती हुई है। सैम अयूब को खुद पता था कि बैट बॉल पर नहीं लगा है और सामने से फरहान ने बताया ही होगा कि बॉल सीधी जा रही है। यहां पर डीआरएस का कोई कारण बनता ही नहीं, लेकिन सैम अयूब गोल्डन डक पर आउट तो हुए ही, साथ ही अपनी टीम का एक रिव्यू भी बर्बाद कर चले गए।
यह भी पढ़ें
Asia Cup 2025: कब और कहां देख पाएंगे IND vs PAK मुकाबला, कैसे देखें Live Streaming
IND vs PAK: भारत की प्लेइंग इलेवन में क्या होगा बदलाव? कप्तान सूर्या को लेना है बड़ा फैसला
