
मोहम्मद शमी आपकी अदालत शो में
इंडिया टीवी के सबसे पॉपुलर शो ‘आप की अदालत’ में टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने अपने क्रिकेटिंग करियर और कई मुद्दों पर खुलकर बात की। शो के दौरान मोहम्मद शमी ने India Tv के एडिटर इन चीफ रजत शर्मा के सवालों का डटकर सामना किया और उन्होंने सभी सवालों के जवाब बेबाक अंदाज में दिया। इसी दौरान उन्होंने अपने डेब्यू मैच को लेकर भी बड़ा खुलासा किया है।
भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पिछले काफी समय से टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं। उन्हें आगामी एशिया कप के लिए भी भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया है। शमी ने टीम इंडिया के लिए डेब्यू साल 2013 में किया था। काफी समय तक वह भारतीय टेस्ट टीम का अहम खिलाड़ी रहे। टेस्ट फॉर्मेट में वह 64 मुकाबले खेल चुके हैं।
डेब्यू मैच में अपने स्पीच को लेकर मोहम्मद शमी ने किया बड़ा खुलासा
मोहम्मद शमी ने इंडिया टीवी के एडिटर इन चीफ रजत शर्मा के साथ बातचीत के दौरान बताया कि जब उनसे उनके साथियों ने ड्रेसिंग रूम में उनके डेब्यू पर भाषण देने के लिए कहा, तो उन्होंने क्या कहा। इसका जवाब देते हुए शमी ने बताया कि वो तो बहुत खतरनाक था। जितने भी स्टार्स थे, सब सामने बैठे थे, और युवी पा ने मुझे कुर्सी पर खड़ा कर दिया। इंग्लिश आती नहीं है, सबकी भाषा बोल नहीं सकता, और सामने सब ऐसे चेहरे, जिनको टीवी पर ही देखा है। मैंने खड़े होकर पूछा, हिंदी में बोलूं तो चलेगा? ..मैं केवल चार लाइन ही बोल सका। मैंने कहा, भाई लोग, आप से जितना भी हो सका, उतना सीखने की कोशिश करूंगा।
डेब्यू मैच में कैसा रहा था मोहम्मद शमी का प्रदर्शन
मोहम्मद शमी की डेब्यू की बात करें तो उन्होंने वनडे फॉर्मेट में उन्होंने अपना पहला मैच साल 2013 में पाकिस्तान के खिलाफ खेला था। उस मैच में वह 9 ओवर में 23 रन खर्च करते हुए एक विकेट निकालने में कामयाब रहे थे। इस दौरान उन्होंने चार ओवर मेडन फेंके थे और वहां टीम इंडिया 10 रनों से जीत दर्ज करने में कामयाब रही थी। वहीं टेस्ट में उन्होंने अपना पहला मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था। उस मैच की पहली पारी में शमी ने 4 और दूसरी पारी में 5 विकेट निकाले थे। वहीं T20I डेब्यू में शमी का डेब्यू साल 2014 में पाकिस्तान के खिलाफ हुआ था।
यह भी पढ़ें
38 साल के खिलाड़ी का 9 सीजन बाद इस टीम से टूटा नाता, अब पृथ्वी शॉ के साथ खेलते आएंगे नजर
सुपर जायंट्स को मिला नया कप्तान, साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी को मिली कमान
