नशे के आदी बड़े भाई ने ली बहन की जान, बोरे में भरकर चाय बागान में फेंकी थी लाश; किराएदार ने उगला सच


प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : FILE (PTI)
प्रतीकात्मक फोटो

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के वसंत विहार इलाके में चाय बागान की झाड़ियों से बोरे में बंद मिली युवती के शव का रहस्य पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय युवती विशाखा की हत्या उसके नशे के आदी बड़े भाई विशाल ने की थी। इस मामले में पुलिस ने विशाल के किराएदार लोकेंद्र उर्फ राजा (26) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी विशाल अभी भी फरार है।

कैसे हुआ खुलासा?

सोमवार को विशाखा का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मृतका के ममेरे भाई रोहित कुमार की शिकायत पर वसंत विहार थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने विशाखा के परिवार और पड़ोसियों से पूछताछ की, जिसमें सामने आया कि घटना से पहले विशाखा का विशाल के साथ झगड़ा हुआ था। परिवार ने भी विशाल पर ही हत्या का शक जताया था।

इसके बाद, पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में रविवार देर रात दो लोग एक मोटरसाइकिल पर सफेद बोरा ले जाते हुए दिखे। मुखबिरों की मदद से इन संदिग्धों की पहचान विशाल और उसके किराएदार राजा के रूप में हुई।

किराएदार ने कबूला जुर्म

पुलिस ने जब राजा से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने पूरा सच उगल दिया। राजा ने बताया कि 21 सितंबर की रात करीब 1 बजे विशाल उसके कमरे में आया और उसे अपने साथ अपने कमरे में ले गया। वहां उसने देखा कि विशाखा फर्श पर मृत पड़ी थी और उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे।

विशाल ने राजा को बताया कि उसने विशाखा से मारपीट की थी और अब उसे शव ठिकाने लगाने में मदद चाहिए। इसके बाद, दोनों ने विशाखा के शव को एक सफेद बोरे में डाला और मोटरसाइकिल से चाय बागान के जंगल में फेंक दिया। शव फेंकने के बाद, वे वापस घर लौट आए। फिलहाल, पुलिस फरार चल रहे मुख्य आरोपी विशाल की तलाश कर रही है। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

‘भारत-पाकिस्तान समेत 7 युद्धों को कराया समाप्त, किसी राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने नहीं की मदद’, UN में बोले डोनाल्ड ट्रंप

रातोंरात कोलकाता में कैसे आया जलप्रलय? सड़कें बनीं सैलाब, मेट्रो-ट्रेन सेवा ठप, 10 की मौत, अभी और है बारिश का अलर्ट

Latest Crime News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *