
दिवाली से पहले बढ़ा दिल्ली का प्रदूषण।
राजधानी दिल्ली में हवा की गुणवत्ता अब खराब श्रेणी में पहुंच रही है। मंगलवार को दिल्ली में हवा की गुणवत्ता (AQI) 200 के पार दर्ज की गई। ऐसे में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने मंगलवार को दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान का चरण एक (GRAP-I) को तत्काल प्रभाव से लागू करने का आदेश दिया।
CAQM ने एक बयान में कहा, “GRAP पर गठित उप-समिति ने आज अपनी बैठक में क्षेत्र में वायु गुणवत्ता परिदृश्य, आईएमडी/आईआईटीएम के पूर्वानुमान की समीक्षा की और निम्नलिखित निष्कर्ष निकाले: 14.10.2025 को दिल्ली का एक्यूआई 211 (खराब श्रेणी) दर्ज किया गया। इसके अलावा, आईएमडी/आईआईटीएम के पूर्वानुमान में भी आने वाले दिनों में एक्यूआई के ‘खराब’ श्रेणी में बने रहने की भविष्यवाणी की गई है।” इसमें आगे कहा गया, “उप-समिति ने, तदनुसार, पूरे एनसीआर में मौजूदा GRAP के चरण-I (खराब वायु गुणवत्ता) के तहत सभी कार्रवाइयों को तत्काल प्रभाव से लागू करने का निर्णय लिया है।”
इस अलर्ट के तहत, दिल्ली-एनसीआर की सभी कार्यान्वयन एजेंसियों को वायु गुणवत्ता में और गिरावट को रोकने के लिए GRAP चरण-I ढांचे में उल्लिखित उपायों को सख्ती से लागू करना आवश्यक है। इसमें धूल नियंत्रण के प्रयासों को तेज करना, प्रदूषणकारी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाना और यह सुनिश्चित करने के लिए कड़ी निगरानी करना शामिल है कि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘बेहद खराब’ या ‘गंभीर’ श्रेणी में न पहुंच जाए।
