
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर बोले उमर अब्दुल्ला।
जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को अनुच्छेद 370 को हटाने के बाद पहली बार राज्यसभा चुनाव का आयोजन किया गया है। 4 सीटों के लिए आयोजित हुए राज्यसभा चुनाव में सत्ताधारी नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के तीन उम्मीदवार और भाजपा का एक प्रत्याशी को जीत मिली है। नेशनल कांफ्रेंस के चौधरी मोहम्मद रमजान एसबी, सज्जाद किचलू और शम्मी ओबेरॉय को राज्यसभा के लिए चुना गया है। वहीं, भाजपा की ओर से सत शर्मा को जीत हासिल हुई है। राज्यसभा सीटों के लिए हुए इस चुनाव में क्रॉस वोटिंग की भी खबर है जिस कारण भाजपा नेता सत शर्मा को जीत मिली है। क्रॉस वोटिंग के मुद्दे पर अब जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने नाराजगी जाहिर की है।
क्या बोले उमर अब्दुल्ला?
सीएम उमर अब्दुल्ला ने अपने ट्वीट में क्रॉस वोटिंग पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा- “चार चुनावों में नेशनल कॉन्फ्रेंस के सभी वोट बरकरार रहे, जैसा कि हमारे चुनाव एजेंट ने देखा, जिन्होंने प्रत्येक मतदान पर्ची देखी। हमारे किसी भी विधायक ने क्रॉस वोटिंग नहीं की। इसलिए सवाल उठते हैं कि बीजेपी के 4 अतिरिक्त वोट कहां से आए? वे कौन विधायक थे जिन्होंने मतदान करते समय जानबूझ कर गलत वरीयता संख्या अंकित कर अपना वोट अवैध कर दिया?
सीएम उमर ने आत्मा बेचने का आरोप लगाया
सीएम उमर अब्दुल्ला ने क्रॉस वोटिंग करने वालों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए अपने ट्वीट में आगे कहा- “क्या उनमें हिम्मत है कि भाजपा की मदद करने के बाद अपने हाथ ऊपर उठा सकें वो भी हमें वोट देने का वादा करने के बाद। किस दबाव या प्रलोभन ने उन्हें यह चुनाव करने में मदद की? आइए देखें कि क्या भाजपा की कोई गुप्त टीम अपनी आत्मा बेचने के लिए तैयार है।”
सीएम उमर अब्दुल्ला ने राज्यसभा चुनाव जीत हासिल करने वाले पार्टी के नेताओं के लिए कहा- “मेरे सहयोगियों चौधरी मोहम्मद रमजान, सज्जाद किचलू और शम्मी ओबेरॉय को राज्यसभा चुनाव में उनकी जीत पर हार्दिक बधाई। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं क्योंकि वे भारत की संसद में जम्मू-कश्मीर के लोगों का प्रतिनिधित्व करते हुए एक नई पारी शुरू कर रहे हैं।”
चार विधायकों ने अंतरात्मा की आवाज सुनी- सत शर्मा
भाजपा नेता सत शर्मा ने जम्मू-कश्मीर से राज्यसभा सीट 32 वोटों से जीत ली। इस जीत पर सत शर्मा ने कहा- “सभी ने भाजपा का समर्थन किया है। मैं इस राज्यसभा सीट के लिए मेरी उम्मीदवारी के लिए पीएम मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा को धन्यवाद देता हूं। हमारे पास 28 सदस्य हैं, लेकिन चार अन्य ने अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर हमारा समर्थन किया। क्या चार सदस्यों द्वारा अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनना गलत था?”
ये भी पढ़ें- भाजपा का खाता खोलने वाले सत शर्मा कौन हैं? जम्मू-कश्मीर से जीता राज्यसभा चुनाव
जम्मू-कश्मीर राज्यसभा चुनाव में NC-BJP के बीच था ‘फिक्स मैच’, सज्जाद लोन ने लगाए गंभीर आरोप
