
बाथरूम के बाल्टी मग कैसे साफ करें
बाथरूम की सफाई तो लोग कर लेते हैं। लेकिन बाथरूम में रखे सामानों को साफ करना भूल जाते हैं। कुछ लोगों के बाथरूम में आपने गंदी बाल्टी और मग रखे देखे होंगे। बाल्टी, स्टूल और मग पर पानी से पीले निशान बन जाते हैं। ऐसा साबुन और पानी की गंदगी जमा होने के कारण होता है। पानी के निशान सूखकर पीली परत के रूप में जम जाते हैं। इन जिद्दी दागों को छुड़ाना काफी मुश्किल हो जाता है। खासतौर से जिन घरों में खारा पानी सप्लाई होता है वहां बाल्टी और मग या पानी वाले बर्तनों पर पीले निशान पड़ जाते हैं। कितना भी धो लो ये दाग आसानी से नहीं जाते हैं। प्लास्टिक ही नहीं लोहे और स्टील की बाल्टी में भी निशान आ जाते हैं। आज हम आपको बाथरूम में रखी बाल्टी, मग और स्टूल को चमकाने का आसान तरीका बता रहे हैं।
गंदे बाल्टी मग साफ करने का आसान तरीका
एसिड होगा असरदार- बाल्टी मग पर लगे पानी के पीले दाग छुड़ाने के लिए एसिड असरदार साबित होता है। इसके लिए बाल्टी में आधा कप एसिड डालें। ध्यान दें कि एसिड आपकी स्किन से कहीं टच नहीं होना चाहिए। अब ब्रश की मदद से एसिड को बाल्टी और मग पर अच्छी तरह से रगड़ दें। इसे 5 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें। इसके बाद स्क्रबर से बाल्टी, स्टूल और मग को रगड़कर साफ कर लें।
बाथरूम क्लीनर से हो जाएगा काम- बाथरूम क्लीनर से सिर्फ बाथरूम ही नहीं उसमें रखे बाल्टी मग को भी आप साफ कर सकते हैं। बाथरूम क्लीन करने के लिए जिस नीले हार्पिक या किसी दूसरे सॉल्यूशन इस्तेमाल करते हैं उसे गंदे मग, बाल्टी, बाथरूम के नल और स्टूल पर भी लगाकर 10 मिनट के लिए छोड़ दें। इसे ब्रश या स्क्रबर की मदद से क्लीन कर लें। एकदम नए जैसी शाइन वापस आ जाएगी।
ईनो और नींबू- पानी के जिद्दी दागों को हटाने के लिए ईनो (Eno) और नींबू (Lemon) का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। बाल्टी या मग में 1 ईनो का पैकेट डालें और उसमें एक नींबू का रस, थोडा लिक्विड सोप या डिटर्जेंट मिला दें। एक पेस्ट जैसा बना लें और इसे ब्रश की मदद से बाल्टी और मग पर लगाकर छोड़ दें। कुछ देर बाद रगड़कर साफ करने से बाल्टी एकदम सफेद और नई जैसी चमकने लगेगी।
