
एनकाउंटर में मारा गया रोहित आर्य
महाराष्ट्र: मुंबई के पवई इलाके में स्थित ‘रॉ स्टूडियो’ में गुरुवार दोपहर को बच्चों को बंधक बनाने की घटना मामले में एक बड़ी खबर सामने आई है। 17 बच्चे सहित 19 लोगों को बंधक बनाने वाला मानसिक रूप से अस्थिर बताए गए आरोपी रोहित आर्य को पुलिस कार्रवाई के दौरान हुई झड़प में गोली लग गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोपी के हाथ में एक एयर गन थी
जब पुलिस बाथरूम के रास्ते अंदर दाखिल हुई थी, तब आरोपी के हाथ में एक एयर गन थी और कुछ केमिकल था। पुलिस ने सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन आरोपी नहीं माना। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसे गोली लगी। गोली लगने के बाद उसे जोगेश्वरी ट्रॉमा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बच्चों को सुरक्षित बचाए जाने के बाद DCP दत्ता किशन नलावडे ने जानकारी देते हुए बताया था कि दोपहर लगभग 1:45 बजे पुलिस को इस घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस की अलग-अलग टीम मौके पर पहुंचीं और स्टूडियो के अंदर फंसे बच्चों को रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया।
ऑडिशन के नाम पर बुलाया गया था बच्चों को
पुलिस के मुताबिक, कुल 17 बच्चे, 1 सीनियर सिटिजन और 1 सिविलियन को अंदर बंधक बनाकर रखा गया था। पहले पुलिस ने आरोपी से बातचीत के जरिए स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन जब बात नहीं बनी तो पुलिस ने फोर्सफुली स्टूडियो में प्रवेश किया। मौके पर QRT (Quick Response Team) और स्पेशल फोर्स मौजूद थीं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्चों को वेब सीरीज़ के ऑडिशन के नाम पर बुलाया गया था, जिसके बाद उन्हें बंधक बना लिया गया। चूंकि बंधकों में छोटे बच्चे शामिल थे, इसलिए यह ऑपरेशन मुंबई पुलिस के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। बंधक बनाए गए बच्चों की उम्र 4 से 5 साल के बीच में थी, जिसमें कई छोटी बच्चियां शामिल थीं। आरोपी ने बच्चों को बंधक बनाने से पहले एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उसने किसी बड़े धन या राजनीतिक मांग के बजाय “नैतिक और सैद्धांतिक” मुद्दों पर कुछ लोगों से बात करने की मांग की थी।
ये भी पढ़ें-
17 बच्चे, 1 सीनियर सिटीजन, 1 सिविलियन को बनाया बंधक… मुंबई हॉरर की पूरी कहानी, मच गया हड़कंप
संजौली मस्जिद मामले में आया कोर्ट का बड़ा फैसला, पूरी तरह गिराया जाएगा विवादित ढांचा
