कोबरा से खेलना किसान को पड़ा भारी, जीभ समेत कई जगह डसा, हुई दर्दनाक मौत, VIDEO वायरल


cobra- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT
किसान को कोबरा सांप से खेलना भारी पड़ गया

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक किसान की कोबरा के डसने से मौत हो गई। चौंकाने वाली बात यह है कि किसान, खेत में मिले कोबरा को घर लाकर उससे खेल रहा था, जबकि गांव वाले बार-बार उसे चेतावनी दे रहे थे। इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय लोग हैरान हैं।

क्या है पूरा मामला?

घटना सहारनपुर जिले के नकुड़ थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गुर्जर गांव की है। शुक्रवार शाम की इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में किसान रामकुमार कोबरा को हाथों में लेकर खेलता नजर आ रहा है। 

खेलते-खेलते सांप ने पहले उसके हाथों पर कई जगह काट लिया और जब वह सांप को अपने मुंह के पास ले गया, तो कोबरा ने उसकी जीभ पर भी डस लिया। कुछ ही मिनटों में जहर पूरे शरीर में फैल गया और उसकी हालत बिगड़ने लगी।

परिजन पहले उसे जानखेड़ा के झाड़-फूंक करने वालों के पास ले गए, लेकिन जब कोई असर नहीं हुआ तो सपेरों से भी इलाज कराया गया, वहां भी सफलता नहीं मिली। आखिरकार उसे गंगोह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रामकुमार को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचने तक उसका शरीर पूरी तरह सुन्न हो चुका था। 

घटना के बाद गांव में मातम और दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं वन विभाग की टीम ने भी गांव पहुंचकर जानकारी जुटाई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को चेतावनी दी है कि किसी भी विषैले जीव-जंतु से छेड़छाड़ न करें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया है और लोग सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखकर हैरान और सदमे में हैं। (इनपुट: सहारनपुर से खालिद हसन) 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *