
ऋषभ पंत
India vs South Africa Test Series: भारतीय टीम जल्द ही टेस्ट के लिए फिर से मैदान में उतरने जा रही है। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इसका पहला मुकाबला 14 नवंबर से कोलकाता में खेला जाएगा। इस बीच बीसीसीआई ने टीम इंडिया का ऐलान इस सीरीज के लिए कर दिया है। टीम में एक बार फिर से ऋषभ पंत की वापसी हो गई है। हालांकि स्क्वड में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं किए गए हैं। टीम की कमान एक बार फिर से शुभमन गिल के ही पास रहेगी। ऋषभ पंत को फिर से उपकप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एन जगदीशन की जगह पंत की हुई है वापसी
भारतीय टीम ने पिछली सीरीज वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने घर पर खेली थी। उस सीरीज में टीम ने कमाल का खेल दिखाया था। उस सीरीज से लेकर अब तक टीम में दो बदलाव किए गए हैं। ऋषभ पंत इंग्लैंड सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे, इसलिए टीम से बाहर थे। इस दौरान ध्रुव जुरेल ने कीपिंग की जिम्मेदारी निभाई थी। इसके साथ ही एन जगदीशन को बैकअप कीपर के तौर पर टीम में जगह दी गई थी। अब जगदीशन बाहर हो गए हैं और पंत की उनकी जगह वापसी हो गई है। अब कीपिंग की पहली च्वाइस पंत ही होंगे। ध्रुव जुरेल को बतौर बल्लेबाज मौका दिया जा सकता है।
प्रसिद्ध कृष्णा बाहर, आकाशदीप की वापसी
इसके अलावा एक और बदलाव गेंदबाजी में किया गया है। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा इस बार टीम से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह आकाश दीप की एंट्री हो गई है। आकाश दीप की भी वापसी हुई है। प्रसिद्ध इस बीच इंडिया ए की टीम का हिस्सा हैं, इसलिए उन्हें इस टीम में नहीं चुना गया है। बाकी टीम वैसी ही है, जैसी पहले वेस्टइंडीज सीरीज के दौरान थी। सलामी जोड़ी के रूप में एक बार फिर से यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल नजर आएंगे। तेज गेंदबाजी की कमान मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह के साथ आकाशदीप संभालेंगे।
भारत बनाम साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए टीम इंडिया: शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, आकाश दीप।
